बिहार के मुजफ्फरपुर में सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया। नाले बनाने के दौरान गैस पाइपलाइन में लीकेज होने से यह हादसा हुआ है। बताया जा रहा है कि नाला बनाने के लिए की जा रही खुदाई के दौरान पाइपलाइन से गैस का रिसाव हुआ और इसके बाद जोरदार धमाका हो गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस धमाके में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं और आसपास के इलाके में काफी ज्यादा नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद मौके पर राहत और बचाव का काम शुरू कर दिया गया है और प्रशासन की टीमें मौके पर ही मौजूद हैं। 

 

मुजफ्फरपुर के SDM (ईस्ट) आनंद उत्सव ने इस हादसे पर जानकारी देते हुए बताया कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक, गैस पाइपलाइन में लीकेज होने के कारण विस्फोट हुआ है। उन्होंने कहा, 'जिस जगह हादसा हुआ, वहां नाला बनाने का काम चल रहा था। इसी दौरान खुदाई के लिए JCB मशीन का इस्तेमाल किया जा रहा था। आशंका है कि JCB से खुदाई करते समय गैस पाइपलाइन को नुकसान पहुंचा, जिससे गैस का रिसाव शुरू हो गया। इसके बाद पाइपलाइन में विस्फोट हुआ।' उन्होंने कहा कि आगे की जानकारी जांच के बाद सामने आएगी। 

 

यह भी पढ़ें: 'सबूत मिटा रहे हैं', बेटा हिट एंड रन केस का आरोपी, जज पिता पर एक और FIR

तीन लोग घायल

SDM आनंद उत्सव के मुताबिक, इस हादसे में तीन लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी मिली है। घटना के तुरंत बाद घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव का काम जारी है।

 

घटनास्थल पर मौजूद टीमें यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि पाइपलाइन को कितना नुकसान पहुंचा है और गैस का रिसाव पूरी तरह बंद हुआ है या नहीं। इसके साथ ही हादसे के कारण आसपास के इलाके में हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है। 

क्या किसी की मौत हुई?

इस घटना में मौत होने की खबरों को लेकर एसडीएम ने कहा कि अभी तक किसी की मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत का दावा किया जा रहा है लेकिन फिलहाल प्रशासन ने इसकी पुष्टि नहीं की है।  SDM ने साफ किया कि प्रशासन को जो शुरुआती जानकारी मिली है, उसके आधार पर जांच की जा रही है। हादसे के बाद यह भी पता लगाया जा रहा है कि नाला निर्माण के दौरान गैस पाइपलाइन की मौजूदगी की जानकारी संबंधित एजेंसियों को थी या नहीं। साथ ही, खुदाई से पहले सुरक्षा के जरूरी इंतजाम किए गए थे या नहीं, इसकी भी जांच की जाएगी।