कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। किराए को लेकर हुए झगड़े में एक 42 साल के वकील की दो किराएदारों ने गोली मारकर हत्या कर दी। गोली मारने के बाद दोनों आरोपी वहां से फरार हो गए। घटना व्हाइटफील्ड पुलिस थाना क्षेत्र की है। मृतक की पहचान पट्टंदुर अग्रहारा के रहने वाले 42 वर्षीय मंजूनाथ के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पुलिस के मुताबिक, यह वारदात आधी रात को वकील के घर पर हुई है। आरोपी वकील के घर में ही रहने वाले किराएदार थे और डिलीवरी बॉय का काम करते हैं। रविवार रात किराया न देने को लेकर उनके बीच बहस हुई थी। इस विवाद के बाद, उन दोनों लोगों ने कथित तौर पर मंजूनाथ पर गोली चला दी।
यह भी पढ़ें: ट्रेन में स्पीकर मोड पर करते हैं बात? जुर्माना भी लगेगा, जेल भी होगी
पुलिस ने क्या बताया?
मीडिया रिपोर्ट्स एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि गोलीबारी से करीब एक घंटा पहले, किराए के भुगतान को लेकर वकील और आरोपियों के बीच तीखी बहस हो गई थी। अधिकारी ने बताया कि वकील के सिर में गोली लगी थी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि गोलीबारी के तुरंत बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। इस मामले में पुलिस व्हाइटफील्ड पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की लगातार तलाश की जा रही है और उन्हें पकड़ने के प्रयास जारी हैं। साथ ही मामले की आगे की जांच चल रही है।
किराया नहीं देने को लेकर हुई थी बहस
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दो लोगों ने मंजूनाथ पर गोली चलाई। दोनों आरोपी उनके मकान में किराएदार थे और किराया नहीं देने को लेकर उनके बीच विवाद हुआ था। पुलिस के मुताबिक, घटना आधी रात करीब 11:30 बजे से 12 बजे के बीच हुई। पुलिस अब इस विवाद और हत्या के बीच संबंध की जांच कर रही है। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।
वहीं डीसीपी सैदुलु अवत ने कहा कि पुलिस मकान मालिकों को किराएदारों का सत्यापन कराने के लिए लगातार जागरूक करती है। इसके लिए हर महीने होने वाली जन शिकायत बैठकों, साप्ताहिक बीट मीटिंग, अपराध जागरूकता कार्यक्रम और अभियान चलाए जाते हैं। इसके अलावा पुलिस पर्चों, व्हाट्सऐप ग्रुप और दूसरे माध्यमों से भी लोगों तक जानकारी पहुंचाती है। पुलिस का कहना है कि वेरिफिकेशन से किराएदारों की पिछली गतिविधियों की जानकारी जुटाने और संभावित आपराधिक रिकॉर्ड का पता लगाने में मदद मिल सकती है।
