बिहार में अभी जमुई, समस्तीपुर और बांका में  बदसलूकी का मामला शांत नहीं हुआ उससे पहले गया का एक नया मामला सामने आया है। यहां एक नाबालिग लड़के और लड़की के साथ मारपीट और बदसलूकी का मामला सामने आया है। आरोप है कि सोमवार को शेरघाटी थाना क्षेत्र के महुआडीह गांव के पास कुछ युवकों ने बाइक सवार दोनों को रोक लिया। इसके बाद उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

 

पुलिस के अनुसार, लड़ाक और लड़की बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान वे महुआडीह गांव के पास पहाड़ी इलाके में पहुंचे, जहां कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि युवकों ने दोनों की बाइक की चाबी छीन ली और उसके टायर में पंचर कर दिया। दोनों को कुछ देर तक मौके पर ही रोके रखने का भी आरोप है। पुलिस वीडियो की सत्यता और घटना की पूरी परिस्थितियों की जांच कर रही है।

 

यह भी पढ़ें: बेगूसराय होटल में महिला से दुष्कर्म का आरोप, वीडियो वायरल होने पर पुलिस पर सवाल

वीडियो सामने आया तो हरकत में आई पुलिस

SSP सुशील कुमार ने मंगलवार को बताया कि मामले में दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है और शेरघाटी थाने में FIR दर्ज की गई है। पुलिस के मुताबिक, घटना से जुड़ा वीडियो लड़का और लड़की के शेरघाटी थाना क्षेत्र के चांपी इलाके में पहुचंने के बाद सामने आया। वीडियो की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

 

यह भी पढ़ें: 'कानून सबके लिए समान हो', धर्म स्थलों पर हो रही कार्रवाई पर तेजस्वी ने उठाए सवाल

 

गया का मामला ऐसे समय सामने आया है जब बिहार के दूसरे जिलों में भी सोशल मीडिया पर बदसलूकी के वीडियो सामने आए हैं। बांका में हाल ही में मंदार पर्वत पर्यटन स्थल का एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें एक नाबालिग लड़की के साथ बदसलूकी का आरोप लगाया गया था। पुलिस ने मामले में छह अज्ञात युवकों के खिलाफ स्वत: संज्ञान लेते हुए केस दर्ज किया था। पुलिस के अनुसार, वीडियो करीब छह महीने पुराना हो सकता है। हालांकि, घटना की सही तारीख और परिस्थितियों की जांच की जा रही है।