गुजरात के अहमदाबाद में एयर इंडिया का विमान बीजे मेडिकल कॉलेज के छात्रावास से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। विमान में कुल 242 यात्री सवार थे। अहमदाबाद पुलिस कमिश्नर का कहना है कि किसी के भी बचने की उम्मीद नहीं है। उड़ान भरने के कुछ मिनट बाद ही विमान हादसाग्रस्त हो गया। दोपहर में बड़ी संख्या में मेडिकल के छात्र मेस में भोजन कर रहे थे। तभी इमारत से विमान के टकराने से अफरा-तफरी मच गई।    

 

एफएआईएमए डॉक्टर्स एसोसिएशन के मुख्य संरक्षक डॉ. रोहन कृष्णन का कहना है कि हमें जानकारी मिली है कि विमान बीजे मेडिकल कॉलेज के परिसर में हादसे का शिकार हुआ है। दुर्घटना से एमबीबीएस छात्रों के छात्रावास और सुपर स्पेशियलिटी डॉक्टरों के आवासीय ब्लॉक को नुकसान पहुंचा है। अभी 50 लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है। अहमदाबाद के सिविल अस्पताल के रेजिडेंट डॉक्टर आयुष ने कहा कि हादसे से कॉलेज में अफरा-तफरी मच गई। उनके कई दोस्त और जूनियर डॉक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी का अस्पताल सिविल अस्पताल में चल रहा है। 

 

जरूरी सूचना: एयर इंडिया ने अपना हॉटलाइन नंबर भी जारी किया है, जिससे जानकारी जुटाई जा सकती है। अगर आपका कोई परिचित या परिजन इस फ्लाइट में हो सकता है तो आप 1800569144 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा, 011-24610843 और 9650391859 पर भी फोन किया जा सकता है।

 

यह भी पढ़ें: चरखी दादरी से मुंबई तक, भारत के 5 भीषण विमान हादसे; सैकड़ों की गई जान


हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में पीजी छात्र डॉ. ध्रुवित ने बताया कि हादसा दोपहर 12:30 से 2:30 बजे के बीच हुआ। उस समय लंच का वक्त था। हॉस्टल के यूजी छात्र मेस में जुटते हैं। हादसे के वक्त भी मेस के अंदर लगभग 150-200 लोग थे। एक अन्य डॉक्टर ने बताया कि बड़ी संख्या में छात्र और मेस कर्मचारी घायल हुए हैं। लोगों को गंभीर चोट आई है। बता दें कि डॉक्टरों के छात्रावास में ही एयर इंडिया के विमान का टेल फिन पड़ा है। छात्रावास की इमारत के ऊपर विमान का अगला हिस्सा फंसा है।

 

 

50 घायलों को अस्पताल लाया गया

गुजरात के स्वास्थ्य विभाग अतिरिक्त मुख्य सचिव धनंजय द्विवेदी का कहना है कि जहां विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ है, वहां अहमदाबाद सिविल अस्पताल का छात्रावास, स्टाफ क्वार्टर और अन्य आवासीय इमारते हैं। वहां रहने वाले लोग घायल हुए हैं। लगभग 50 घायलों को अहमदाबाद के सिविल अस्पताल लाया गया है। उन्हें बेहतरीन उपचार दिया जा रहा है। हालत गंभीर और स्थिर बनी है। 

 

यह भी पढ़ें: किन वजहों से क्रैश होता है विमान, पायलट से ATC तक; जानें हर गड़बड़ी

डीएनए से होगी पहचान

विमान हादसों में कई लोगों की मौत की आशंका है। बीजे मेडिकल कॉलेज में डीएनए टेस्टिंग की व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य विभाग ने विमान यात्रियों के परिवारों, करीबी लोगों और माता-पिता व बच्चों से अपने नमूने जमा करवाने की अपील की, ताकि पीड़ितों की जल्द से जल्द पहचान हो सके।

सिविल अस्पताल ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

एयर इंडिया के मुताबिक अहमदाबाद से लंदन गैटविक जाने वाली इस फ्लाइट में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक सवार थे। इस बीच अहमदाबाद सिविल अस्पताल ने दो हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं हैं। सिविल अस्पताल लाए गए यात्रियों और अन्य घायलों के रिश्तेदार 6357373831 और 6357373841 नंबर पर कॉल करके पूछताछ कर सकते हैं।