महाराष्ट्र के मुंबई में एक 25 साल की एयरहोस्टेस के साथ बलात्कार किया गया। यह मामला पवई इलाके का है। महिला का पति बीमार है और अस्पताल में भर्ती है। आरोपी का नाम अनिल शिंदे है और उसकी उम्र 28 साल है। उसने खुद को किन्नर बताया और महिला से कहा कि वह पूजा-पाठ और तंत्र-मंत्र से उसके पति को ठीक कर देगा। घर के अंदर आकर उसने महिला पर पानी डाला और सिर पर हाथ रखकर उसे बेबस कर दिया। इसके बाद उसने महिला के साथ जबर्दस्ती की और भागते समय उससे 200 रुपये भी ले लिए। पुलिस ने रास्ते के 100 से ज्यादा कैमरे देखकर आरोपी को कलवा की झुग्गी से सिर्फ 4 घंटे में पकड़ लिया।
यह बात मंगलवार दोपहर करीब 12:20 बजे से 12:50 बजे के बीच की है। 28 साल का आरोपी अनिल शिंदे किन्नर के कपड़े पहनकर पवई की उस बिल्डिंग में पहुंचा जहां एयरहोस्टेस रहती है। उसने पहले नीचे खड़े गार्ड से बात की और उसका भरोसा जीता ताकि कोई उसे रोके नहीं। इसके बाद वह बिल्डिंग के अंदर गया और कई घरों के दरवाजे खटखटाए। आखिर में तीसरी मंजिल पर रहने वाली 25 साल की एयरहोस्टेस ने दरवाजा खोला।
यह भी पढ़ें: अमेठी: घर में जमीन खोदते ही निकले 29 तांबे के गोले, खजाने में क्या-क्या मिला?
बीमार पति को ठीक करने का लालच दिया
दरवाजा खुलते ही अनिल शिंदे ने महिला से कहा कि उसके घर पर बुरी नजर का साया है और वह काले जादू को हटा सकता है। एयरहोस्टेस का पति बीमार था और अस्पताल में भर्ती था, अपने पति को ठीक कराने के लिए महिला उसकी बातों में आ गई और उसे घर के अंदर आने दिया।
मुंबई पुलिस के अफसर दत्ता नलवडे ने बताया कि घर के अंदर आने के बाद आरोपी ने महिला पर पानी छिड़का और सिर पर हाथ रखा। इससे महिला सम्मोहित हो गई और आरोपी ने उसके साथ रेप किया। जब महिला ने होश में आकर शोर मचाया तो आरोपी उससे 200 रुपये लिए और वहां से भाग गया।
पुलिस ने 100 कैमरे देखकर आरोपी को पकड़ा
घटना के बाद पीड़िता रात करीब 11 बजे थाने पहुंची और अपनी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत केस दर्ज किया। इसके बाद अफसर ए.एस. सावंत, सुशांत बांडगर और संदीप पाटिल की एक टीम बनाई गई। इस टीम ने अफसर दत्ता नलवडे के साथ मिलकर काम शुरू किया। पुलिस ने पवई से लेकर कलवा तक के रास्ते में लगे 100 से ज्यादा कैमरे चेक किए। कैमरों की मदद से पुलिस ने केस दर्ज होने के सिर्फ 4 घंटे के अंदर बुधवार सुबह-सुबह आरोपी अनिल शिंदे को कलवा की झुग्गी से पकड़ लिया।
यह भी पढ़ें: पहले डिजिटल अरेस्ट, फिर 42 लाख रुपये ऐंठे, बुजुर्ग अफसर को लूट ले गए डिजिटल ठग
28 साल का आरोपी अनिल शिंदे अभी पुलिस के पास है। उस पर जबर्दस्ती करने और डराने-धमकाने का केस दर्ज किया गया है। इसके साथ ही पुलिस उस पर अंधविश्वास और जादू-टोने से जुड़े कानून की धाराएं भी लगाने वाली है। पूछताछ में पुलिस को पता चला कि आरोपी का परिवार भी किन्नर बनकर भीख मांगने का काम करता है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि क्या उसने पहले भी किसी और जगह इस तरह का काम किया है।
