उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव एक्शन मोड में आ चुके हैं। लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में करीब 2 घंटे की बैठक में अखिलेश यादव ने खुद सभी प्रवक्ताओं को ट्रेनिंग दी है। उन्होंने प्रवक्ताओं से TV चैनल्स की डिबेट में संयम रखने को कहा है। साथ ही यह हिदायत दी है कि किसी भी टीवी डिबेट में पूरी तैयारी के साथ ही हिस्सा लें। 

 

मिली जानकारी के मुताबिक, अखिलेश यादव ने कहा कि प्रवक्ता सपा सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियों पर फोकस करने के साथ भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) शासन की कमियों को जनता के बीच लाने का काम करें। उन्होंने पार्टी प्रवक्ताओं को आंकड़ों के साथ तथ्य रखने का आदेश को दिया है।  

 

यह भी पढ़ें: LoC, ड्रग से सोमनाथ तक, 'मन की बात' में क्या-क्या बोले PM मोदी?

बैठक के बाद एक्स पर किया पोस्ट 

अखिलेश यादव ने पार्टी के प्रवक्ताओं के साथ बैठक में प्रवक्ताओं को बीजेपी की हर चाल से सावधान रहने को कहा। उन्होंने पार्टी के प्रवक्ताओं को विवादों से दूर रहने और बीजेपी से सावधान रहने को कहा। साथ ही हिदायत दी है कि जिस विषय पर डिबेट में जा रहे हैं, उस विषय की पूरी जानकारी के साथ जाएं। क्योंकि आपके सामने चुनौती केवल बीजेपी नहीं है। उन्होंने कहा कि अलग अलग तरह की चुनौतियां आपके सामने होती हैं, हर चुनौती का सामना करते हुए पार्टी का पक्ष मजबूती से रखें। बैठक के बाद अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा:-

सब अपने तक ही, अपने ख़्याल रखिए

जंग होने तक म्यान में ही तलवार रखिए

शामिल न हो अपने क़ाफ़िले में मुख़बिर

मिलके दुश्मन की चाल पर आंख रखिए

अखिलेश यादव का इशारा उन लोगों की ओर है, जो पार्टी के अंदर की जानकारी विरोधियों तक पहुंचाते हैं। अपने प्रवक्ताओं को उन्होंने ऐसे लोगों से सावधान रहने की हिदायत दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मीटिंग में उन्होंने सख्त रुख अपनाते हुए प्रवक्ताओं से साफ कहा कि अपनी राय को पार्टी की राय न बताएं। किसी विवाद में न पड़ें और मुखबिरों से सावधान रहें व उन पर निगाह रखिए।

रीलबाजी नहीं, शालीनता से रखें पार्टी का पक्ष

अखिलेश यादव ने कहा कि कुछ लोग आपको उकसाने की कोशिश करेंगे लेकिन आप लोगों को उत्तेजित नहीं होना है। शालीनता से ही पार्टी का पक्ष रखना है। उन्होंने कहा कि अपराध के आंकड़ों या नौकरी के आंकड़े, उसकी पूरी तैयारी से आप लोग डिबेट में जाएं। बताया जा रहा है कि इस दौरान कुछ प्रवक्ताओं के बयान को भी दिखाया और कहा कि इस तरह की गलतियां न करें।

 

उन्होंने सलाह दी है कि जब आप पार्टी का पक्ष रख रहे होते हैं तो पार्टी का चेहरा होते हैं, न कि अपना व्यक्तिगत। उन्होंने प्रवक्ताओं को नसीहत देते हुए कहा कि कुछ प्रवक्ता अपनी रील बनाने में भी लगे रहते हैं। ऐसे लोगों को बाज आना चाहिए, 10 सेकेंड की रील से छवि बनती और बिगड़ती है।