समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बड़ी राहत मिली है। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) की ओर से दर्ज मनी लॉन्ड्रिंग केस में उन्हें अंतरिम जमानत दे दी है। उन्हें कुछ दिन पहले भी कोर्ट ने पैन कार्ड के मामले में राहत दी थी लेकिन जेल के गेट से बाहर निकलते ही उन्हें ED ने गिरफ्तार कर लिया था। अब उनके समर्थकों के मन में सवाल है कि अंतरिम जमानत मिलने के बाद आजम खान जेल से बाहर आ पाएंगे या उन्हें पिछली बार की तरह फिर से किसी दूसरे मामले में गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
आजम खान को ED ने 31 अक्टूबर को रामपुर जिला जेल से गिरफ्तार किया था। यह गिरफ्तारी मनी लॉन्ड्रिंग के उस मामले में हुई थी, जिसका संबंध मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट और जौहर यूनिवर्सिटी से है। ED इस मामले में कथित वित्तीय अनियमितताओं और सरकारी धन के दुरुपयोग की जांच कर रही है। एजेंसी का आरोप है कि सरकारी परियोजनाओं से जुड़े पैसे और निर्माण सामग्री का इस्तेमाल जौहर यूनिवर्सिटी के निर्माण में किया गया। इस मामले में आजम खान की गिरफ्तारी के बाद उनके वकीलों ने इसे चुनौती देते हुए हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था।
यह भी पढ़ें: 11 दिसंबर को बिहार आएंगे अमित शाह, पांच नई चीनी मिलों की शुरुआत का करेंगे ऐलान
कोर्ट ने उठाए सवाल
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने मंगलवार, 17 नवंबर को ED की ओर से दर्ज मामले में आजम खान अंतरिम जमानत दे दी। जस्टिस राजीव गुप्ता और जस्टिस देवेंद्र सिंह की बेंच ने आजम खान की गिरफ्तारी की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रथम दृष्टया गिरफ्तारी के दौरान संविधान के अनुच्छेद 22(1) और प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) की धारा 19 के अनिवार्य प्रावधानों का सख्ती से पालन नहीं किया गया।
इसके साथ ही कोर्ट ने आजम खान की गिरफ्तारी पर गंभीर सवाल भी उठाए। हाईकोर्ट ने कहा कि ED ने जिस तरह जेल के गेट पर ही आजम खान को अपनी हिरासत में लिया, उससे साफ तौर पर इस कार्रवाई के पीछे दुर्भावना और उन्हें निशाना बनाने की मंशा नजर आती है। कोर्ट ने उन्हें निजी मुचलके और इतनी ही राशि के दो जमानतदार पेश करने की शर्त पर रिहा करने का निर्देश दिया है। मामले में अगली सुनवाई 10 दिसंबर को होगी।
सरकार पर लगाए आरोप
आजम खान के वकील कपिल सिब्बल ने सुनवाई के दौरान यह भी आरोप लगाया था कि उनके खिलाफ कार्रवाई राजनीतिक बदले की भावना से की जा रही है। उन्होंने इसे उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले आजम खान को निशाना बनाने की कोशिश बताया। दूसरी ओर ED ने कहा कि गिरफ्तारी कानून के मुताबिक की गई है और जांच में आजम खान का सहयोग जरूरी है।
यह भी पढ़ें: 'मोदी सख्त इंसान हैं...', PM के सामने फिर क्यों बोल गए ट्रंप?
क्या जेल से बाहर आएंगे आजम खान?
मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अंतरिम जमानत मिलने का मतलब यह नहीं है कि आजम खान को सभी मामलों में जमानत मिल गई है। इससे पहले भी उन्हें एक बार जेल से बाहर निकलते ही गिरफ्तार कर लिया गया था। हालांकि, फिलहाल वह किसी अन्य मामले में गिरफ्तार नहीं है और ना ही न्यायिक हिरासत में हैं। ऐसे में अगर जांच एजेंसियां उन्हें किसी मामले में हिरासत में नहीं लेती हैं तो वह जेल से बाहर आ सकते हैं। फिलहाल हाईकोर्ट से मिली राहत आजम खान के लिए बड़ी कानूनी जीत मानी जा रही है। हालांकि, मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जांच और मुकदमे की प्रक्रिया अभी जारी है। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई 10 दिसंबर को तय की है।
