सुप्रीम कोर्ट ने गोपालगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी (DM) जी. कृष्णैया हत्याकांड में आनंद मोहन की समय से पहले हुई रिहाई रद्द कर दी है। कोर्ट ने उन्हें एक महीने के भीतर सरेंडर करने का आदेश दिया है। इस फैसले के बाद आनंद मोहन शुक्रवार को अपने पैतृक गांव पंचगछिया पहुंचे। यहां उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर सवाल उठाए। उन्होंने सवाल पूछा कि क्या सिर्फ एक माह के अंदर आनंद मोहन जेल भेजे जाएंगे? आनंद मोहन ने कहा कि बाकी लोगों का क्या होगा, जो इसका लाभ लेकर छूटे हैं। आनंद मोहन ने कहा कि वह कोर्ट के फैसले का सम्मान करते हैं, लेकिन इस मामले में दूसरे लोगों को भी समय से पहले रिहाई का लाभ मिला है। ऐसे में सिर्फ उन्हें जेल भेजे जाने का सवाल क्यों उठ रहा है।

 

इस पूरे मामले की शुरुआत 5 दिसंबर 1994 को हुई थी। उस दिन बिहार के गोपालगंज के तत्कालीन डीएम जी. कृष्णैया की मुजफ्फरपुर जिले में भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। उस समय कृष्णैया मुजफ्फरपुर से गुजर रहे थे। आरोप था कि आनंद मोहन के नेतृत्व में भीड़ ने इस घटना को अंजाम दिया। इस मामले में 3 अक्टूबर 2007 को निचली अदालत ने आनंद मोहन को दोषी ठहराते हुए फांसी की सजा सुनाई थी। हालांकि, साल 2008 में पटना हाईकोर्ट ने उनकी मौत की सजा को उम्रकैद में बदल दिया। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने भी उम्रकैद की सजा बरकरार रखी। करीब 14 साल जेल में रहने के बाद बिहार सरकार की जेल नियमावली में बदलाव के आधार पर अप्रैल 2023 में उन्हें समय से पहले रिहा कर दिया गया था। अब सुप्रीम कोर्ट ने इसी रिहाई को रद्द कर दिया है।

'मेरे साथ 36 लोग छूटे थे'

आनंद मोहन ने कहा कि बिहार सरकार ने जेल नियमावली में बदलाव किया था। इसके बाद हजारों कैदियों को समय से पहले रिहाई का लाभ मिला। उन्होंने कहा, 'यह परिवर्तन सिर्फ मेरे लिए नहीं था। मेरे साथ 36 लोग छूटे थे। इस परिवर्तन के आधार पर हजारों लोग जेल से बाहर आए हैं। मैं पूछना चाहता हूं कि क्या सिर्फ आनंद मोहन ही जेल जाएंगे या बाकी लोगों के लिए भी कोर्ट कोई फैसला देगी?' उन्होंने दावा किया कि इस मामले में नियमों में एकरूपता लाने के लिए सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश दिया था। इसके बाद बिहार सरकार ने जेल नियमावली में बदलाव किया था।

 

आनंद मोहन ने कहा कि उन्होंने इस फैसले के खिलाफ बिहार कोर्ट में भी अपना पक्ष रखा था। उनके मुताबिक, करीब 14 साल बाद इस मामले की सुनवाई चल रही थी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद उन्होंने अपनी याचिका वापस ले ली। उन्होंने कहा, 'इस फैसले के बाद मैंने केस वापस ले लिया, लेकिन कोर्ट छोड़ा है। इस फैसले में हुए संशोधन के आधार पर ही हम नहीं छूटे हैं। सुप्रीम कोर्ट और पटना हाईकोर्ट से भी पांच लोग बरी हुए थे।'

'घटना महज संयोग थी'

आनंद मोहन ने हत्याकांड को लेकर अपनी पुरानी दलीलें भी दोहराईं। उन्होंने कहा कि जिस समय घटना हुई, उस समय वह विधायक थे और जी. कृष्णैया जिलाधिकारी थे। दोनों लोक सेवक थे। उन्होंने सवाल उठाया कि दलित उत्पीड़न कानून का इस्तेमाल उनके खिलाफ कैसे किया गया। आनंद मोहन ने दावा किया कि पटना हाईकोर्ट ने भी यह नहीं माना था कि घटना के समय डीएम ऑन ड्यूटी थे। उन्होंने कहा, 'मैं आपको कागज दूंगा, जिसमें घटना को महज संयोग माना गया है। यह प्रायोजित और सुनियोजित नहीं था। डीएम लोगों के त्वरित आक्रोश के शिकार बन गए। डीएम गोपालगंज के थे, लेकिन मुजफ्फरपुर में थे। वह ऑन वे थे, ऑन ड्यूटी नहीं थे।'

 

यह भी पढ़ें: 'विधानसभा चुनाव में RJD की तरफ से CM का ऑफर मिला', चिराग पासवान ने किया खुलासा

'2016 का कानून पीछे से कैसे लागू होगा?'

आनंद मोहन ने जेल नियमावली में बदलाव और उसके लागू होने के समय को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ 2007 में मामला दर्ज हुआ था, जबकि संबंधित कानून 2012 में आया और 2016 में लागू हुआ। ऐसे में बाद में बने नियमों को पुराने मामले पर लागू करना सही नहीं है। उन्होंने कहा, 'कानून आया 2012 में और लागू हुआ 2016 में। मेरे ऊपर केस लगा 2007 में। तो केस लागू होगा 2016 में, पलट कर पीछे से नहीं लगा।'

 

यह भी पढ़ें: कांग्रेस, निर्दलीय और BJP से एक ही महिला ने भरा नामांकन, निर्विरोध बनीं प्रधान

'16 साल तक मुझे माफिया कहा गया'

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आनंद मोहन ने अपने परिवार और राजनीतिक जीवन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वह स्वतंत्रता सेनानी परिवार से आते हैं और उनकी लड़ाई हमेशा गरीबों, पिछड़ों और दलितों के लिए रही है। उन्होंने कहा, 'मुझे पक्ष नहीं रखने दिया गया। 16 साल तक मुझे माफिया कहा गया। हम स्वतंत्रता सेनानी परिवार से हैं। यहां की मिट्टी गवाह है, इसलिए मैं अपनी धरती से पूछने आया हूं।' उन्होंने अपने क्षेत्र में किए गए कामों का जिक्र करते हुए कहा, 'इस जमीन पर हम खड़े हैं, मेरी एक शिकायत ढूंढकर लाओ।'