देश के प्रसिद्ध उद्योगपति मुकेश अंबानी के पुत्र अनंत अंबानी रविवार को धर्म नगरी काशी के दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और माँ अन्नपूर्णा मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन कर देश और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
अनंत अंबानी का काशी आगमन पूरी तरह से आध्यात्मिक रहा। सबसे पहले वे मां अन्नपूर्णा के दरबार में पहुंचे, जहां मंदिर के अर्चकों और 21 वैदिक ब्राह्मणों ने स्वस्तिवाचन व वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ उनका पारंपरिक स्वागत किया। मंदिर के गर्भगृह में उन्होंने पूरी श्रद्धा और विधि-विधान के साथ मां अन्नपूर्णा का पूजन-अर्चन किया और देवी का आशीर्वाद प्राप्त किया।
यह भी पढ़ें: मई में 280 kmph की स्पीड से दौड़ेगी बुलेट ट्रेन, रेल मंत्री ने खुद किया ऐलान
विश्वनाथ के किए दर्शन
मां अन्नपूर्णा के दर्शन के पश्चात अनंत अंबानी श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे। यहां उन्होंने बाबा विश्वनाथ के गर्भगृह में जाकर विधिवत षोडशोपचार पूजन व जलाभिषेक किया। बाबा के दरबार में मत्था टेकने के बाद उन्होंने मंदिर परिसर की भव्यता को भी निहारा।
प्रशासन ने की व्यवस्था
वीआईपी आगमन को देखते हुए मंदिर प्रशासन और स्थानीय पुलिस की ओर से सुरक्षा तथा दर्शन व्यवस्था के कड़े और विशेष इंतजाम किए गए थे, जिससे दर्शन-पूजन का कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हुआ। प्रशासन की सतर्कता के कारण लोगों को वीआईपी मूवमेंट के बावजूद ज्यादा परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
यह भी पढ़ें: दिल्ली: जामा मस्जिद थाने में चाकूबाजी, 5 पुलिसकर्मी घायल, आरोपी को मारी गोली
पहले भी काशी आता रहा है परिवार
यह पहली बार नहीं है कि अंबानी परिवार का कोई सदस्य वाराणशी बाबा विश्वनाथ के दर्शन करने पहुंचा हो। परिवार के मुखिया मुकेश अंबानी साल 2014 में पत्नी नीता अंबानी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ काशी पहुंचे थे। इस दौरान परिवार ने बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए और दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती में भी हिस्सा लिया था। वहीं, जून 2024 में नीता अंबानी अपने बेटे अनंत अंबानी की शादी का निमंत्रण बाबा विश्वनाथ के चरणों में अर्पित करने काशी आई थीं। अनंत अंबानी भी इससे पहले फरवरी 2023 और जून 2026 में बाबा विश्वनाथ के दरबार में हाजिरी लगा चुके हैं।
