आंध्र प्रदेश में एक वरिष्ठ IAS अधिकारी की गाड़ी टोल प्लाजा पर रोककर पहचान पत्र मांगने पर पांच कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया गया। मामला विजयवाड़ा बाईपास के वेंकटपालेम टोल प्लाजा का है। यहां मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) में सचिव के पद पर तैनात IAS अधिकारी कार्तिकेय मिश्रा की गाड़ी को टोल कर्मियों ने रोक लिया था।
ड्राइवर ने बताया कि गाड़ी में मुख्यमंत्री कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारी बैठे हैं। इसके बाद टोल कर्मियों ने पहचान पत्र दिखाने को कहा। इस बात को लेकर ड्राइवर और टोल कर्मचारियों के बीच बहस हो गई। मामले में अधिकारी के हस्तक्षेप के बाद टोल प्लाजा चलाने वाली कंपनी ने तीन टोल कर्मचारियों, एक सुपरवाइजर और एक शिफ्ट इंचार्ज को नौकरी से निकाल दिया।
कार्तिकेय मिश्रा आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के सचिव हैं। घटना के बाद उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारियों को अपने कार्यालय बुलाया और टोल प्लाजा पर कर्मचारियों के व्यवहार पर नाराजगी जताई। रिपोर्टों के मुताबिक, उन्होंने टोल प्लाजा चलाने वाली कंपनी के पांच कर्मचारियों को हटाने की मांग की थी। इसके बाद उसी शाम पांचों कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया गया।
पहचान पत्र मांगा तो नाराज हुए अधिकारी
यह घटना 26 नवंबर को हुई। जब कार्तिकेय मिश्रा की गाड़ी टोल प्लाजा पहुंची तो कर्मचारियों ने ड्राइवर से टोल टैक्स मांगा। ड्राइवर ने बताया कि गाड़ी में CMO के वरिष्ठ IAS अधिकारी बैठे हैं। इस पर टोल कर्मचारी ने पहचान पत्र दिखाने को कहा। इसी बात पर ड्राइवर और टोल कर्मचारियों के बीच बहस शुरू हो गई।
मामला बढ़ने पर कार्तिकेय मिश्रा ने खुद हस्तक्षेप किया और कर्मचारियों के व्यवहार पर नाराजगी जताई। इसके बाद टोल बैरियर खोल दिया गया और गाड़ी को जाने दिया गया। हालांकि, अधिकारी वहां करीब 10 मिनट तक रुके रहे और NHAI के अधिकारियों की जानकारी ली।
यह भी पढ़ें: कर्नाटक: मानदेय 2 हजार बढ़ा, फिर भी आशा वर्कर्स का धरना जारी; यूनियन असंतुष्ट
पांच कर्मचारियों को नौकरी से निकाला गया
घटना के बाद कार्तिकेय मिश्रा ने विजयवाड़ा और अमरावती के NHAI अधिकारियों को अपने कार्यालय बुलाया। रिपोर्टों के मुताबिक, उन्होंने टोल प्लाजा का संचालन करने वाली निजी कंपनी स्काईलार्क इन्फ्रा इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड के पांच कर्मचारियों को हटाने की मांग की। इनमें तीन टोल कलेक्टर, एक सुपरवाइजर और एक शिफ्ट इंचार्ज शामिल थे। उसी शाम कंपनी ने पांचों कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया।
जब इस मामले में कार्तिकेय मिश्रा से प्रतिक्रिया मांगी गई तो उन्होंने सिर्फ एक शब्द कहा- ‘कलियुग’। वहीं, NHAI के महाप्रबंधक विपिन मंगला ने घटना की जानकारी होने की बात कही, लेकिन आगे टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
यह भी पढ़ें: भोपाल: सेंट्रल जेल के जेलर पर महिला गार्ड ने लगाया रेप का आरोप, FIR दर्ज
पहले भी विवादों में रहा है टोल प्लाजा
विजयवाड़ा बाईपास का वेंकटपालेम टोल प्लाजा पहले भी विवादों में रहा है। स्थानीय लोगों और गैर-व्यावसायिक वाहनों को मुफ्त सर्विस रोड इस्तेमाल करने की अनुमति है। हालांकि, आरोप है कि टोल कर्मचारी कई बार सर्विस रोड पर बैरिकेड लगाकर रास्ता बंद कर देते हैं और वाहन चालकों से टोल मांगते हैं। इस वजह से स्थानीय लोगों, सरकारी कर्मचारियों, वकीलों, हाईकोर्ट और सचिवालय के कर्मचारियों के साथ विवाद होता रहता है।
अगस्त 2026 में आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट ने स्थानीय यात्रियों की याचिका पर सुनवाई करते हुए टोल संचालक और NHAI को सर्विस रोड से बैरिकेड हटाने का अंतरिम आदेश दिया था। अदालत ने गैर-व्यावसायिक वाहनों को मुफ्त सर्विस रोड इस्तेमाल करने देने का भी निर्देश दिया था।
