उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में चार साल की एक छोटी बच्ची के अपहरण और बलात्कार के मामले में मुख्य आरोपी 60 साल के अबरार को पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस की दबिश के दौरान आरोपी अबरार ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई जिसके जवाब में पुलिस की कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी और उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह मामला 25 जून को तब सामने आया जब चार साल की एक मासूम बच्ची का अपहरण कर लिया गया था। आरोपी अबरार ने बच्ची को अगवा करने के बाद उसके साथ दरिंदगी की और उसे एक खेत में छोड़ दिया था। बच्ची को बाद में किसी तरह सुरक्षित बरामद कर लिया गया जिसके बाद पुलिस ने उसे तुरंत इलाज और मेडिकल जांच के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की जिससे आरोपी की पहचान उसी गांव के रहने वाले 60 वर्षीय अबरार के रूप में हुई।
यह भी पढ़ें: एक्सीडेंट का सबूत नहीं था, फिर भी कैसे मिल गया 1.25 लाख रुपये का क्लेम?
पुलिस और आरोपी में मुठभेड़
बदायूं की एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि पुलिस टीम आरोपी अबरार को गिरफ्तार करने के लिए लगातार दबिश दे रही थी। रविवार की सुबह करीब 4 बजे पुलिस को आरोपी की सटीक लोकेशन मिली जिसके बाद पुलिस टीम उसे पकड़ने के लिए वहां पहुंची। जैसे ही पुलिस टीम ने आरोपी को घेरने की कोशिश की आरोपी अबरार ने अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। पुलिस ने अपनी जान बचाने के लिए सामने से जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी अबरार के दोनों पैरों में गोलियां लग गई।
यह भी पढ़ें: 7 साल पहले मर चुकी मां के नाम पर ले रहा था पेंशन, जांच के बाद हुआ गिरफ्तार
मुठभेड़ की कार्रवाई पूरी होने के बाद पुलिस ने घायल आरोपी अबरार को तुरंत अपनी हिरासत में ले लिया है। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार किया जा रहा है। एसएसपी अंकिता शर्मा ने स्पष्ट किया है कि इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


