उत्तर प्रदेश के संभल जिले के एक गांव में 7 मार्च को तनाव फैल गया जब बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने एक युवक के घर के बाहर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। संगठन का आरोप था कि युवक ने दूसरे समुदाय की एक 17 साल की नाबालिग लड़की को अपने घर में जबरन रोक कर रखा है। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और लड़की को अपनी कस्टडी में लेकर सुरक्षित स्थान पर भेज दिया।
मामला तब शुरू हुआ जब ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रही छात्रा कोचिंग जाने के लिए घर से निकली थी लेकिन वापस नहीं लौटी। बताया जा रहा है कि छात्रा उसी युवक के साथ उसकी स्कूटर पर बैठकर उसके घर गई थी, जो उसी के कोचिंग संस्थान में पढ़ता है। इस घटना के बाद गांव में सुरक्षा के लिहाज से पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें: 7 की सिगरेट ली और 5 रुपये दिए, 2 रुपये मांगने पर काट ली दुकानदार की अंगुली
कोचिंग के बहाने गई थी छात्रा
लड़की के पिता ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी शनिवार सुबह करीब 8 बजे कोचिंग के लिए निकली थी। जब वह कई घंटों तक घर नहीं लौटी, तो परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। इसी बीच उन्हें बजरंग दल के नेता आशीष तूफानी और ग्राम प्रधान से खबर मिली कि उनकी बेटी करीब 4 किलोमीटर दूर दूसरे गांव में एक युवक के घर पर है।
बजरंग दल का हंगामा
बजरंग दल के जिला संयोजक आशीष तूफानी के मुताबिक, उन्हें जानकारी मिली थी कि युवक एक लड़की को अपने घर लेकर आया है। कार्यकर्ताओं के पहुंचने और हंगामे की खबर मिलते ही युवक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और लड़की को बरामद कर सरकारी महिला शेल्टर होम भेज दिया है, ताकि कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा सकें।
यह भी पढ़ें: 'बिहार का CM सिर्फ चिराग हो...', LJP कार्यकर्ताओं ने पटना में लगवा दिए पोस्टर
पुलिस ने दर्ज की FIR
लड़की के पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ किडनैपिंग की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि युवक की उम्र का पता लगाया जा रहा है और उसे पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर रही हैं। फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में है लेकिन एहतियात के तौर पर पुलिस की निगरानी बनी हुई है।
