उत्तर प्रदेश के जिला बरेली के बहेड़ी स्थित एक बड़े स्कूल में छोटी छात्राओं के साथ शिक्षक की शर्मनाक हरकत का मामला सामने आया है। कक्षा तीन में पढ़ने वाली छात्राओं ने स्कूल के कंप्यूटर शिक्षक आयुष शर्मा पर छेड़खानी करने और विरोध करने पर परीक्षा में फेल करने की धमकी देने का आरोप लगाया है। अभिभावकों की शिकायत के बाद स्कूल प्रबंधन ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की और आरोपी शिक्षक को नौकरी से बर्खास्त कर दिया। वहीं, पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

छात्राओं का आरोप है कि शिक्षक आयुष शर्मा पिछले करीब एक महीने से उनके साथ गलत हरकत कर रहा था। वह उन्हें कंप्यूटर लैब में ले जाकर परेशान करता था। छात्राओं ने बताया कि जब उन्होंने शिक्षक की हरकतों का विरोध किया तो उन्हें परीक्षा में फेल करने की धमकी दी गई। इसके बाद छात्राओं ने हिम्मत जुटाकर प्रधानाचार्य को पूरे मामले की जानकारी दी।

 

यह भी पढ़ें: अमिताभ बच्चन, दिलजीत को बांग्लादेश से मिली धमकियां? यूपी ATS ने किया बड़ा खुलासा

दीपावली से पहले भी हुई थी शिकायत

अभिभावकों के मुताबिक, दीपावली से पहले भी इस मामले की शिकायत कक्षा अध्यापक से की गई थी, लेकिन उस समय शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया गया। गुरुवार को छात्राओं के परिजन एकत्र होकर स्कूल पहुंचे और प्रधानाचार्य के सामने मामले को उठाया। इसके बाद स्कूल प्रबंधन ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। मामला सामने आने के बाद प्रबंधन ने आरोपी शिक्षक आयुष शर्मा की सेवाएं समाप्त कर दीं।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस भी स्कूल पहुंची और सीसीटीवी फुटेज की जांच की। पुलिस ने आरोपी शिक्षक से पूछताछ की और अभिभावक की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली। पुलिस को यह जानकारी भी मिली है कि आरोपी शिक्षक की पूर्व तैनाती वाले स्कूल में भी उसके खिलाफ इसी तरह की हरकतों के आरोप लग चुके हैं।

 

यह भी पढ़ें: लखनऊ में चार दिन में एक परिवार के तीन बच्चों की मौत, गांव में हंगामा

पुलिस कर रही फुटेज की जांच

बरेली के सीओ अरुण कुमार सिंह ने शुक्रवार को मीडिया को बताया कि शुरुआती जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस स्कूल के सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।