किसानों की आय बढ़ाने और फसल कटाई के बाद होने वाले नुकसान को कम करने के लिए बिहार सरकार ने एक नई योजना शुरू की है। अब किसान सोलर क्रॉप ड्रायर लगाकर अपनी सब्जी, फल, मसाले और अनाज को बिना धूप और धूल के सुखा सकेंगे। कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बताया कि कृषि विभाग के उद्यान निदेशालय द्वारा सोलर क्रॉप ड्रायर योजना शुरू की गई है। इस योजना के तहत किसानों को आधुनिक, पर्यावरण-अनुकूल और ऊर्जा-कुशल तकनीक दी जाएगी। इससे उपज की गुणवत्ता बनी रहेगी और किसान बेहतर दाम पा सकेंगे।
कृषि मंत्री ने बताया कि योजना के अंतर्गत 100 किलोग्राम क्षमता वाले सोलर क्रॉप ड्रायर की स्थापना पर अधिकतम 1.40 लाख रुपये का अनुदान दिया जाएगा। इस उपकरण की अनुमानित लागत 3.50 लाख रुपये है। यानी सरकार 40% तक का अनुदान देगी और बाकी राशि किसान को खुद देने होगें। सबसे बड़ी बात यह है कि यह उपकरण पूरी तरह सौर ऊर्जा से चलता है। इसलिए इसके संचालन में किसानों को बिजली का बिल या डीजल-कोयले पर अतिरिक्त खर्च नहीं करना पड़ेगा। एक बार लगाने के बाद सालों तक मुफ्त में फसल सुखाई जा सकेगी।
यह भी पढ़ें: PM मोदी को गाली देने वाली नाबालिग लड़की के परिवार ने छोड़ा घर, पुलिस क्या बोली?
खुले में सुखाने से होता है नुकसान
कृषि मंत्री ने कहा कि आज भी ज्यादातर किसान अपनी फसल को खुले में, सड़क किनारे या छत पर सुखाते हैं। इससे फसल पर धूल-मिट्टी जम जाती है, अचानक बारिश होने पर नुकसान हो सकता है और पक्षी व कीड़े भी फसल खराब कर देते हैं। अनुमान है कि इस वजह से 25 से 30 प्रतिशत तक फसल बर्बाद हो जाती है। सोलर क्रॉप ड्रायर में फसल पूरी तरह सुरक्षित और ढकी रहती है। इससे धूल, नमी और कीटों का खतरा काफी कम हो जाता है। साथ ही फसल का प्राकृतिक रंग, स्वाद और सुगंध भी बनी रहती है। इस ड्रायर से हल्दी, मिर्च, अदरक, टमाटर, प्याज, आंवला, बेल और औषधीय पौधों जैसी कई फसलों को आसानी से सुखाया जा सकता है।
किसानों की बढ़ेगी कमाई
कृषि विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यह योजना सिर्फ फसल सुखाने तक सीमित नहीं है। इससे फसल को प्रोसेस करके उसकी कीमत बढ़ाई जा सकेगी। जैसे 100 किलो टमाटर से 10 किलो पाउडर बनता है जिसकी कीमत ताजी सब्जी से कई गुना ज्यादा होती है। इसी तरह अदरक, लहसुन, मेथी, धनिया जैसी चीजों को सुखाकर किसान सालभर बेच सकते हैं। इससे बिचौलियों पर निर्भरता कम होगी और किसान सीधे बाजार से जुड़ेंगे। कृषि मंत्री ने विश्वास जताया कि सोलर क्रॉप ड्रायर योजना राज्य में फसल कटाई के बाद होने वाली क्षति को कम करेगी और किसानों की आय में स्थायी वृद्धि सुनिश्चित करेगी।
यह भी पढ़ें: पटना में फिर सड़क पर उतरे छात्र, पुलिस के वाटर कैनन के आगे किया डांस
इस योजना का सबसे ज्यादा फायदा महिला किसानों और स्वयं सहायता समूहों को होगा। ग्रामीण इलाकों में कई महिलाएं सब्जियां सुखाने, अचार और पापड़ बनाने का काम करती हैं लेकिन मानसून में धूप कम होने की वजह से उनका काम प्रभावित हो जाता है। सोलर क्रॉप ड्रायर की मदद से वे मौसम की चिंता किए बिना फसल और दूसरी चीजों को आसानी से सुखा सकेंगी। इससे महिलाएं समूह बनाकर छोटे उद्योग शुरू कर सकेंगी और अपने उत्पाद स्थानीय बाजार के साथ-साथ ऑनलाइन भी बेच सकेंगी। इच्छुक किसान उद्यान निदेशालय के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और DBT आधारित होगी।
