दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET पेपर लीक और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी और छात्रों का विरोध प्रदर्शन जारी है। बिहार में भी आंदोलन की आशंका को देखते हुए पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। केवल जरूरी स्थिति में ही छुट्टी दी जाएगी। इसके साथ ही बिहार पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी आदेश में पूरे पुलिस बल को 24 घंटे अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया गया है।
इसके अलावा, प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने सभी आईजी, डीआईजी और एसपी को पत्र भेजकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ज्यादा सतर्क रहने का निर्देश दिया है। साथ ही फेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप ग्रुप और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म की लगातार निगरानी करने को कहा गया है।
यह भी पढ़ें: कौन है महाराष्ट्र TET पेपर लीक का बिजेंद्र कुमार गुप्ता? बिहार से हुआ गिरफ्तार
24 घंटे अलर्ट और फ्लैग मार्च के निर्देश
मुख्यालय की ओर से जारी आदेश में छात्र संगठनों के आंदोलन, धरना-प्रदर्शन और अन्य संवेदनशील गतिविधियों की संभावना को देखते हुए सभी जिलों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा गया है। इसके साथ ही प्रमुख चौराहों, सरकारी दफ्तरों, स्कूल-कॉलेजों और संवेदनशील इलाकों में लगातार फ्लैग मार्च करने के निर्देश दिए गए हैं। रात में भी गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने का भी निर्देश दिया गया है। आदेश में साफ तौर पर कहा गया है कि कहीं भी भीड़ जमा होने या कानून-व्यवस्था बिगड़ने की स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जाए।
सोशल मीडिया नजर रखने का आदेश
इसके अलावा, पुलिस को फेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप ग्रुप और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म की लगातार निगरानी करने को कहा गया है। मुख्यालय ने निर्देश दिया है कि आंदोलन से जुड़ी भ्रामक और अफवाह फैलाने वाली सूचनाओं पर तुरंत नजर रखी जाए। अगर कोई व्यक्ति गलत सूचना फैलाकर माहौल खराब करने की कोशिश करता है तो उसकी पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
इस आदेश के साथ साइबर सेल को भी सक्रिय कर दिया गया है ताकि सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों को समय रहते रोका जा सके। आदेश में दंगा नियंत्रण वाहन, वाटर कैनन, आंसू गैस और अन्य आवश्यक संसाधनों को 24 घंटे तैयार स्थिति में रखने को कहा गया है, ताकि कहीं प्रदर्शन उग्र होता है तो तुरंत उन संसाधनों का इस्तेमाल किया जा सके।
यह भी पढ़ें: तेलंगाना: युवक ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में PM मोदी को ठहराया जिम्मेदार
पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द
छात्र आंदोलन की आशंका को देखते हुए बिहार पुलिस मुख्यालय ने अगले आदेश तक सभी तरह की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। किसी पुलिसकर्मी को सिर्फ बीमारी या विशेष परिस्थिति में ही छुट्टी मिलेगी, वो भी उच्च अधिकारियों की अनुमति के बाद। इसके अलावा, जिलों के एसपी को कहा गया है कि वे अपने जिले में उपलब्ध बल की सूची तैयार रखें और जरूरत पड़ने पर तुरंत अतिरिक्त बल मंगाने की व्यवस्था करें। मुख्यालय के आदेश के बाद सभी जिलों में पुलिस की चौकसी बढ़ा दी गई है।
पटना, गया, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा समेत कई जिलों में छात्र संगठनों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। थानों को कहा गया है कि वे कॉलेज और कोचिंग संस्थानों के आसपास गश्त करें। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने का सभी को अधिकार है, लेकिन अगर कोई कानून हाथ में लेता है या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाता है तो उस पर सख्त कार्रवाई होगी। फिलहाल पूरे राज्य में पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है। वरिष्ठ अधिकारी खुद स्थिति पर नजर रख रहे हैं।
