पंजाब में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और शिरोमणि अकाली दल के बीच फिर से गठबंधन हो गया है। गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर इस गठबंधन की घोषणा होने के बाद चंडीगढ़ में दोनों दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। बुधवार को सेक्टर-33 स्थित बीजेपी के प्रदेश कार्यालय में दोनों पार्टियों के नेता एक साथ जुटे। उन्होंने एक-दूसरे को बधाई दी और गठबंधन का स्वागत किया।
गठबंधन की घोषणा के बाद दोनों दलों के कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। आगामी चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव को देखते हुए दोनों पार्टियों के स्थानीय नेताओं का एक मंच पर आना राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। नेताओं ने दावा किया कि गठबंधन के दम पर दोनों दल निगम चुनाव में भारी बहुमत से जीत हासिल करेंगे।
यह भी पढ़ें: चुनाव से पहले साथ आए BJP-अकाली लेकिन इन 4 सीटों पर फंसेगा पेच, समझिए गणित
कई नेता रहे मौजूद
इस मौके पर चंडीगढ़ बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा, चंडीगढ़ प्रदेश प्रभारी महेंद्र पांडे, नगर निगम चुनाव प्रभारी सतीश उपाध्याय, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संजय टंडन और अरुण सूद मौजूद रहे। इनके अलावा प्रदेश मीडिया संयोजक रवि रावत, प्रदेश उपाध्यक्ष इंदिरा सिंह, किसान मोर्चा अध्यक्ष मंदीप सिंह, खादी बोर्ड के चेयरमैन ददार सिंह, महासचिव अवतार सिंह, कोऑपरेटिव बैंक के चेयरमैन जुझार सिंह, तरविंदर सैनी, बलवीर सिंह, बलविंदर सिंह, संदीप सिंह और प्रदेश सचिव कृष्ण शर्मा भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
शिरोमणि अकाली दल की ओर से चंडीगढ़ इकाई के प्रधान चरणजीत सिंह विल्ली, एससी मोर्चा के प्रधान सुरजीत सिंह राजा, यूथ अकाली दल पंजाब के उपाध्यक्ष गुरप्रीत सिंह बॉबी और अकाली दल चंडीगढ़ के उपाध्यक्ष सतनाम सिंह सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
चंडीगढ़ में लड़ेंगे साथ
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा ने कहा कि दोनों दलों के फिर से साथ आने से नगर निगम चुनाव में बड़ी जीत मिलेगी। उन्होंने कहा कि बीजेपी और अकाली दल राजनीतिक गठबंधन से पहले भी शहर के विकास को लेकर एक साथ थे। अब औपचारिक रूप से गठबंधन होने से चंडीगढ़ के विकास को और मजबूती मिलेगी।
वहीं, चंडीगढ़ अकाली दल के अध्यक्ष चरणजीत सिंह विल्ली ने गठबंधन का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि दोनों दल मिलकर निगम चुनाव में विरोधियों को हराएंगे और शहर के विकास को नए आयाम देंगे। उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियां मिलकर चुनाव लड़ेंगी और केंद्र सरकार की विकास योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएंगी। उन्होंने भरोसा जताया कि गठबंधन भारी बहुमत से जीतेगा और चंडीगढ़ में उनका महापौर बनेगा।
यह भी पढ़ें: 'कौन माई का लाल रोक सकता है', विधानसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर बोले आजम खान
गुरुद्वारे में की अरदास
बीजेपी कार्यालय में जश्न मनाने के बाद दोनों दलों के नेता और कार्यकर्ता सेक्टर-34 स्थित गुरुद्वारे पहुंचे। यहां उन्होंने सरबत के भले की अरदास की। श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के मौके पर सभी ने एक साथ लंगर भी छका। इस दौरान दोनों पार्टियों के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गठबंधन की खुशी साझा की। बीजेपी प्रदेश कार्यालय में पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्सव का माहौल रहा।
