जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) के शव मिलने के बाद अब इस मामले पर सियासत तेज हो गई है। जम्मू-कश्मीर कांग्रेस के अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा के एक बयान पर बीजेपी ने कड़ी नाराजगी जताई है। बीजेपी नेता अल्ताफ ठाकुर ने कर्रा के बयान को देश विरोधी बताते हुए कहा कि सेना के खिलाफ बोलने वाला देश के खिलाफ बोल रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कांग्रेस का जिला अध्यक्ष यह तय करेगा कि दोनों SPO की हत्या सेना ने की या आतंकियों ने? उन्होंने कहा कि इस तरह के बयान सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस का अपमान हैं। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व पर भी निशाना साधते हुए कहा कि ये राहुल गांधी और सोनिया गांधी की सोच को दिखाते हैं।
बता दें कि किश्तवाड़ जिले के दूरदराज दच्छन इलाके में दो SPO बाबी चंद और रशपाल कुमार लापता हो गए थे। दोनों जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) में तैनात थे और कियार गांव में ड्यूटी कर रहे थे। 11 नवंबर को दोनों अपने कैंप से धरना-मरवाह इलाके में स्थित सेना की एक चौकी की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान वे लापता हो गए और 12 नवंबर को दोनों के गोलियों से छलनी शव जंगल के इलाके में मिले। इस घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके में आतंकियों की तलाश के लिए अभियान शुरू किया।
यह भी पढ़ें: कन्नौज डबल मर्डर का खुलासा, 10 दिन बाद एनकाउंटर, आरोपी गिरफ्तार
कांग्रेस नेता ने क्या बयान दिया?
दोनों SPO की मौत पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा ने कहा कि इस घटना के पीछे दो संभावित कहानियां सामने आ रही हैं। उन्होंने दावा किया कि किश्तवाड़ के कांग्रेस जिला अध्यक्ष से मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों SPO हथियार लेकर आम कपड़ों में शिकार करने जंगल गए थे। जाते समय वे सेना की दो चौकियों से आसानी से गुजर गए, लेकिन लौटते समय वहां तैनात जवानों ने उन्हें आतंकवादी समझ लिया और गोली चला दी।
हमीन कर्रा ने इसे गलत पहचान का मामला होने की आशंका जताई। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि यह केवल एक पक्ष है और मामले की सच्चाई जांच के बाद ही सामने आएगी। उन्होंने मांग की कि हत्या की जांच केवल आतंकवादी हमले के नजरिए से नहीं, बल्कि दूसरे संभावित पहलुओं से भी होनी चाहिए।
बयान के बाद मचा बवाल
कर्रा के इस बयान के बाद से राजनीतिक बवाल मचा हुआ है। बीजेपी नेता लगातार उन पर पलटवार कर रहे हैं और उनके खिलाफ सड़कों पर भी उतर आए हैं। बीजेपी नेता अल्ताफ ठाकुर ने कहा कि बिना जांच के सेना पर सवाल उठाना बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपने बयान से सुरक्षा बलों का मनोबल गिराने का काम कर रही है। बीजेपी नेताओं का कहना है कि दोनों SPO की हत्या आतंकियों ने की है और उनके हथियार भी अपने साथ ले गए। बीजेपी ने कर्रा से अपना बयान वापस लेने और मृतकों के परिवारों, सेना तथा पुलिस से बिना शर्त माफी मांगने को कहा है।
यह भी पढ़ें: 414 सवाल, 6 बैठकें, हिमाचल विधानसभा में सुक्खू सरकार की अग्निपरीक्षा
बीजेपी कर रही विरोध
इस मामले पर अब बीजेपी कांग्रेस नेतृत्व पर हमलावर है। बीजेपी विधायक रणबीर सिंह पठानिया ने कहा, 'पूरा देश किश्तवाड़ में दो बहादुर SPOs की दुखद शहादत पर शोक मना रहा है। ऐसे संवेदनशील वक्त में स्टेट कांग्रेस चीफ ने बिना जांच पूरी हुए और तथ्य सामने आए बिना ही, एक बेबुनियाद थ्योरी पेश की है, भ्रम पैदा किया है और हमारे बहादुर जवानों पर सवाल उठाए हैं।' बीजेपी जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में उनके इस बयान के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रही है।
