शादी के मंडप में सात फेरे पूरे हुए, गहने और कपड़े भी दे दिए, लेकिन विदाई से पहले ही दुल्हन एजेंट के साथ लाखों के गहने और नकदी लेकर फरार हो गई। मामला बिहार के गया जी जिले का है। गाजियाबाद से दुल्हन ब्याहने गया पहुंचे एक युवक के साथ शादी के नाम पर संगठित ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस इसे गिरोह से जुड़ा मामला मानकर जांच शुरू कर दी है।
मामला मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गांधी मोहल्ले का है। यहां उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद की खोड़ा कॉलोनी निवासी रविंद्र कुमार की शादी हिंदू रीति-रिवाज से कराई गई थी। शादी की सारी रस्में निपटने के बाद दुल्हन ने दूल्हे और उसके परिवार को धोखा दे दिया।
यह भी पढ़ें: बिहार में इंजीनियर के घर पर छापा, आय से 75% अधिक संपत्ति मिली
पहचान पत्र की कॉपी के बहाने ले गई एजेंट
रविंद्र के मुताबिक शादी के तुरंत बाद कथित एजेंट शकील ने कहा कि दुल्हन के पहचान पत्र की फोटोकॉपी करानी है। इसके लिए वह दुल्हन को अपनी बाइक पर बैठाकर ले गया। इसके बाद दोनों वापस नहीं लौटे।
खोजने पर भी नहीं मिला दुल्हन का सुराग
परिजनों ने काफी देर तक इंतजार किया। जब दोनों का कोई पता नहीं चला तो अनहोनी का शक हुआ। आनन-फानन आसपास तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद दूल्हा पक्ष मुफस्सिल थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई।
रविंद्र ने पुलिस को बताया कि शादी से पहले दुल्हन ने उनसे कपड़े और मेकअप के नाम पर करीब 10 हजार रुपये ले लिए थे। शादी वाले दिन दुल्हन को सोने का मंगलसूत्र, सोने के झुमके, चांदी की पायल और बिछिया पहनाए गए थे। आरोप है कि शादी के फोटो और वीडियो भी विदाई से पहले दुल्हन और एजेंट ने उसके मोबाइल से डिलीट करवा दिए। इससे उन्हें अब कोई सबूत भी नहीं मिल पा रहा है। उसका कहना है कि शादी के लिए उन्होंने कर्ज लिया था। लाखों रुपये खर्च करने के बाद भी उनके हाथ कुछ नहीं लगा।
यह भी पढ़ें: क्या जॉर्डन पर बड़ा हमला होने वाला है? अमेरिका की एडवाइजरी से हड़कंप
अलीगढ़ के शख्स ने एजेंट से करवाई थी बातचीत
रविंद्र के अनुसार अलीगढ़ के एक व्यक्ति के जरिए उनकी बातचीत एजेंटों से हुई थी। बातचीत के बाद उन्हें गया बुलाया गया। यहां दुल्हन और उसके परिजनों से मुलाकात कराई गई और फिर धूमधाम से शादी कर दी गई।
शादी के दौरान सब कुछ सामान्य लगा, लेकिन फेरे खत्म होते ही पूरी कहानी बदल गई। अब पीड़ित परिवार को शक है कि यह पूरा घटनाक्रम पहले से सुनियोजित था और शादी के नाम पर ठगी करने के लिए ही यह गिरोह सक्रिय है। मुफस्सिल थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है।
पुलिस ने दुल्हन की कथित बड़ी बहन और एक बिचौलिए को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिलने की बात सामने आ रही है। हालांकि मुख्य आरोपी दुल्हन और एजेंट शकील अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। पुलिस उनके मोबाइल लोकेशन और अन्य सुरागों के आधार पर तलाश कर रही है।
