उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में स्थित बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट (BIC) पर 13 साल बाद बड़े स्तर पर कार रेसिंग प्रतियोगिता होगी। 31 अक्टूबर और 1 नवंबर को हवा को चीरती कारों का रोमांच इस सर्किट पर दिखने वाला है। इंडियन रेसिंग फेस्टिवल के तहत F4 इंडियन चैंपियनशिप के राउंड 4 और इंडियन रेसिंग लीग (IRL) के राउंड 2 की रेस होंगी। दिल्ली-एनसीआर के दर्शकों को इंटरनेशनल स्तर का रेसिंग फेस्टिवल देखने को मिलने वाला है। इस दौरान रेसिंग सर्किट में रफ्तार, रोमांच और कॉम्पिटिशन का अनुभव करने को मिलेगा।
बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट में 13 साल पहले फॉर्मूला-1 ग्रां प्री और मोटोजीपी की रेस हो चुकी है। अब 13 साल बाद यहां F4 इंडियन चैंपियनशिप का चौथा राउंड आयोजित होगा। इसका तीसरा राउंड 22 और 23 अक्टूबर 2026 को चेन्नई के मद्रास इंटरनेशनल सर्किट (MIC) में आयोजित हुआ था। तीसरे राउंड तक एसेस जेए रेसिंग के लुविवे संबुडुला 138 अंकों के साथ पहले नंबर पर हैं। बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट 5.125 किलोमीटर लंबा रेसिंग ट्रैक है। यह भारत के प्रमुख मोटरस्पोर्ट स्थलों में शामिल है।
यह भी पढ़ें: नोएडा: 5 मौतों का मामला, बहन-बहनोई पर FIR क्यों, जमीनी विवाद या गरीबी वजह क्या?
F4 चैंपियनशिप में संबुडुला सबसे आगे
F4 इंडियन चैंपियनशिप का पिछला राउंड चेन्नई के मद्रास इंटरनेशनल सर्किट में हुआ था। इसमें गोवा एसेस जेए रेसिंग के लुविवे संबुडुला ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने छठे स्थान से रेस शुरू करने के बाद शुरुआती दो रेस जीतीं। तीसरी रेस में वह तीसरे स्थान पर रहे। इस प्रदर्शन के बाद उनके कुल 138 अंक हो गए हैं और वह चैंपियनशिप में पहले स्थान पर हैं। लुविवे संबुडुला फिलहाल 21 अंकों के लीड के साथ टॉप पर हैं।
किच्चा किंग्स बेंगलुरु के आरिस कायरियाकू 117 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। वहीं, स्पीड डेमन्स दिल्ली के न्तिसियो मबुंडा ने चेन्नई में तीनों रेस में दूसरा स्थान हासिल किया। अब ग्रेटर नोएडा में होने वाली रेस में संबुडुला अपनी बढ़त बनाए रखने की कोशिश करेंगे, जबकि बाकी ड्राइवर अंक का अंतर कम करना चाहेंगे।
यह भी पढ़ें: 500 रुपये में पाकिस्तानी एजेंट को बेच दी OTP, पकड़े गए दो जासूस
15 साल के आरोन मेहता ने बनाया रिकॉर्ड
कोलकाता रॉयल टाइगर्स के आरोन मेहता ने चेन्नई में तीसरी रेस जीतकर सबका ध्यान खींचा। उन्होंने पोल पोजिशन से रेस शुरू की और न्तिसियो मबुंडा को महज 0.546 सेकंड से पीछे रखा। 15 साल, छह महीने और छह दिन की उम्र में मेहता भारतीय F4 इतिहास के सबसे कम उम्र के रेस विजेता बने।
यह भी पढ़ें: CJP के सौरव दास से कनेक्शन पर क्या बोले सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज संजय किशन कौल?
इंडियन रेसिंग लीग का भी दूसरा राउंड
इंडियन रेसिंग लीग के ड्राइवर भी 31 अक्टूबर और 1 नवंबर को बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट पर अपनी चुनौती पेश करेंगे। यह इस सीजन का दूसरा राउंड होगा। दोनों प्रतियोगिताओं के एक ही वीकेंड पर होने से दर्शकों को लगातार रेसिंग एक्शन देखने को मिलेगा।
