बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बगहा में पीएम नरेंद्र मोदी के जन्मोत्सव से शुरू होने वाले सेवा संकल्प अभियान को लेकर बीजेपी की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसी कड़ी में केंद्रीय मंत्री सतीश चंद्र दूबे और राज्य सरकार के मंत्री नंदकिशोर राम बगहा पहुंचे। दोनों नेताओं ने बीजेपी कार्यालय में आयोजित कार्यशाला में हिस्सा लिया और कार्यकर्ताओं में जोश भरा। इसके बाद मंत्रियों ने इलाके में बाढ़ और कटाव के हालात का जायजा लिया।
इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने पड़ोसी देश नेपाल में आई त्रासदी को लेकर भारत की संवेदनशीलता जाहिर की। उन्होंने कहा, 'नेपाल हमेशा भारत का अच्छा मित्र रहा है। आपदा की इस घड़ी में भारत पूरी मजबूती के साथ नेपाल के साथ खड़ा है और हर संभव मदद के लिए तैयार है।'
यह भी पढ़ें: पूर्णिया में 4 करोड़ की स्मैक के साथ 6 गिरफ्तार, महिलाओं की आड़ में की तस्करी
भारत करेगा नेपाल की मदद
केंद्रीय मंत्री ने कहा, 'नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा बेहद दुखद है। भारत और नेपाल का रोटी-बेटी का रिश्ता है। नेपाल हमेशा भारत का अच्छा मित्र रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार ने साफ किया है कि आपदा की इस घड़ी में भारत नेपाल के साथ खड़ा है। भारत हर तरह की मदद के लिए तैयार है। चाहे राहत सामग्री हो, मेडिकल मदद हो या बचाव कार्य, भारत सरकार हर संभव सहयोग करेगी।' विदेश मंत्रालय लगातार नेपाल सरकार के संपर्क में है। उन्होंने कहा कि सीमा से सटे इलाकों में भी प्रशासन को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।
गंडक नदी में संभावित बाढ़ और कटाव को लेकर केंद्रीय मंत्री ने कहा, 'नेपाल से निकलने वाली नारायणी नदी पर पूरी तरह नियंत्रण पाना मुश्किल है। नदी समय-समय पर अपना रास्ता बदलती है। इसी वजह से अलग-अलग इलाकों में कटाव की स्थिति बनती रहती है। राज्य और केंद्र सरकार बाढ़ और कटाव से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। जहां भी जरूरत होगी सरकार राहत और बचाव कार्य करेगी।'
इसके अलावा जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं कटाव रोकने का काम भी तेजी से चल रहा है। सरकार की कोशिश है कि बाढ़ से आम लोगों को कम से कम परेशानी हो। बगहा और आसपास के इलाकों में गंडक नदी हर साल परेशानी बढ़ाती है। इस साल भी कई गांवों में कटाव का खतरा बना हुआ है। केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों से कहा है कि संवेदनशील जगहों को चिन्हित कर वहां पहले से तैयारी रखें।
यह भी पढ़ें: 'बाढ़ पर राजनीति नहीं, राहत में दें साथ', तेजस्वी पर बोले संजय सरावगी
गंडक पुल को जल्द मिलेगी मंजूरी
बगहा शहर के शास्त्रीनगर को यूपी के बेलवनिया से जोड़ने वाले प्रस्तावित गंडक पुल के निर्माण को लेकर पूछे गए सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस दिशा में बातचीत चल रही है। जल्द ही पुल निर्माण को मंजूरी मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा, 'यह पुल इस इलाके के लिए लाइफलाइन साबित होगा। इससे बिहार और यूपी के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी और लोगों को आने-जाने में काफी सुविधा मिलेगी। इससे व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा। केंद्र सरकार इस प्रोजेक्ट को लेकर गंभीर है और इसे जल्द आगे बढ़ाने की कोशिश की जा रही है।'
