पंजाब के मोहाली जिले में बुधवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने शिरोमणि अकाली दल के नेता रविंदर सिंह खेड़ा के घर छापा मारा। टीम सुबह करीब 6 बजे तीन गाड़ियों में न्यू चंडीगढ़ के पास खेड़ा गांव पहुंची। अधिकारियों ने करीब 6 घंटे तक घर में जांच की। दोपहर 12 बजे के आसपास टीम वहां से लौट गई।

 

रविंदर सिंह खेड़ा खरड़ विधानसभा क्षेत्र में शिरोमणि अकाली दल के हलका इंचार्ज हैं। वह गुरु कृपा राइस एंड एग्रो इंडस्ट्रीज के मालिक भी हैं। परिवार के सदस्यों के अनुसार, ED की टीम मिल से जुड़े दस्तावेजों की जांच करने आई थी। खेड़ा को खरड़ सीट से अकाली दल का टिकट मिलने के दावेदारों में भी गिना जा रहा है।

परिवार ने कहा- दस्तावेजों की जांच करने आई थी टीम

परिवार के सदस्यों ने बताया कि ED के अधिकारी मिल से जुड़े कागजात देखने पहुंचे थे। खेड़ा ने कार्रवाई के बाद कहा कि सब कुछ ठीक है और कानून अपना काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि कानून सबके लिए बराबर है। इसमें आम आदमी पार्टी के नेता हों या उनकी पार्टी के लोग, सभी शामिल हैं। 

 

यह भी पढ़ें: इंदौर में कांग्रेस नेता ने अधिकारी को मारा थप्पड़, तमाशबीन ने पार्षद को मारी लात

 

खेड़ा के अनुसार, टीम कोई दस्तावेज अपने साथ नहीं ले गई और न ही उनसे कोई पूछताछ की गई। उन्होंने कहा कि मामला अभी जांच के दायरे में है। इसलिए वह ज्यादा जानकारी नहीं दे सकते। 

गठबंधन के बाद हुई कार्रवाई

ED की यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है। जब पंजाब में विधानसभा चुनाव को लेकर शिरोमणि अकाली दल और भाजपा ने गठबंधन का एलान किया है। हालांकि, खेड़ा ने छापे को गठबंधन या टिकट बंटवारे से जोड़ने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा से समझौता होने का मतलब यह नहीं है कि कोई कानून से ऊपर हो गया है।

 

इससे पहले जनवरी 2023 में CBI ने रविंदर सिंह खेड़ा को गिरफ्तार किया था। यह मामला भारतीय खाद्य निगम (FCI) के एक अधिकारी को 50000 रुपये की रिश्वत देने से जुड़ा था।