चंडीगढ़ में बुधवार को प्रॉपर्टी डीलर चरणप्रीत सिंह की गोली मारकर हत्या करने वाले दोनों बदमाशों की पुलिस के साथ मुठभेड़ हुई। चंडीगढ़ के सेक्टर 9 में जिम के बाहर दिनदहाड़े हत्याकांड के बाद पुलिस की टीमें बदमाशों की तलाश में जुटी थी। 

 

दोनों बदमाशों की लोकेशन हरियाणा के कैथल जिले में मिली। इसके बाद पंजाब की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स और हरियाणा एसटीएफ ने ज्वाइंट ऑपरेशन चलाया। कैथल के चौसाला इलाके में मुठभेड़ के बाद दोनों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान पीयूष पहलवान और सुमित शाह के तौर पर हुई है। पीयूष फिरोजपुर और प्रीतम शाह नवांशहर का रहने वाला है। मुठभेड़ के बाद दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

 

यह भी पढ़ें: अतीक अहमद से चाय वाला तक, सोशल मीडिया पर ट्रेंड क्यों कर रही धुरंधर 2?

 

पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि पंजाब की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स ने हरियाणा की स्पेशल टास्क फोर्स की करनाल यूनिट के साथ मिलकर एक संयुक्त ऑपरेशन में बंबीहा गैंग के फरार गैंगस्टर लकी पटियाल से जुड़े दो मुख्य साथियों (राजन उर्फ ​​पीयूष पहलवान और प्रीतम शाह) को गिरफ्तार कर लिया है।

 

गिरफ्तार आरोपी चंडीगढ़ के सेक्टर 9 में चरणप्रीत सिंह उर्फ ​​चिन्नी हत्याकांड में शामिल थे। ऑपरेशन के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों को चोट आई है। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया।

 

 

आरोपियों के पास से क्या-क्या मिला?

पंजाब डीजीपी ने आगे बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि राजन उर्फ ​​पीयूष पहलवान, जीवनजोत सिंह उर्फ ​​जुगनू के ड्राइवर यादविंदर सिंह की हाई-प्रोफाइल हत्या मामले में वांछित था। 30 घंटे से कम समय में आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों के पास से तीन हथियार मिले हैं। इसमें PX 5 .30 कैलिबर पिस्टल, .30 कैलिबर चीनी पिस्टल और .32 कैलिबर पिस्टल और अन्य सामान शामिल है।

 

यह भी पढ़ें: BJP ने सारे जतन किए, फिर हाथ क्यों नहीं आ रहे थलापति विजय?

किसने ली थी जिम्मेदारी

31 वर्षीय चरणप्रीत सिंह मुल्लांपुर के रहने वाले थे। बुधवार को वह चंडीगढ़ के सेक्टर 9 स्थित बॉडी जोन जिम से घर जा रहे थे। तभी बाइक सवार दो बदमाशों उन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। दिनदहाड़े हुई यह वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सोशल मीडिया पर गैंगस्टर लकी पटियाल ने हत्याकांड की जिम्मेदारी ली। उसने चमनप्रीत पर मुखबिरी और विरोधी गैंग जानकारी देने का आरोप लगाया।