छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में दो गुटों के आपसी झगड़े में एक आदमी की जिंदा जला दिया गया। अवैध रेत खनन के चक्कर में शुरू हुए विवाद के बाद लल्ला सिंह नाम का शख्स दूसरे पक्ष के मनोज त्रिपाठी के गांव गया था। रिपोर्ट के मुताबिक, लल्ला सिंह को वहीं गाड़ी में ही जिंदा जला दिया गया। इस हादसे में अभी तक 3 लोगों की मौत हो चुकी है और कम से कम दो लोग घायल हैं। पुलिस ने बताया है कि इस केस में 9 लोगों को नामजद किया गया है जिसमें से 4 की गिरफ्तारी कर ली गई है।
यह घटना कोरिया जिले सोनहाट थाना क्षेत्र के नौगाई गांव की है। मरने वालों में लल्ला सिर्फ उर्फ भरत सिंह के अलावा वीरेंद्र सिंह और नागेंद्र सिंह के नाम भी शामिल हैं। आरोप है कि मनोज त्रिपाठी और उसके साथियों ने लल्ला सिंह की गाड़ी रोकी और हमला कर दिया। वहीं पर लल्ला सिंह की गाड़ी में आग लगा दी गई जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बाकी के दो लोगों ने भी बाद में दम तोड़ दिया।
यह भी पढ़ें: कौन हैं परिमल नथवानी और कितनी है संपत्ति? मुकेश अंबानी से भी है कनेक्शन
क्या बोले पुलिस अधिकारी?
इस घटना के बारे में सोनहाट थाने के SHO विनोद पासवान ने बताया, 'इसमें दो पक्ष हैं। एक लल्ला सिंह है और दूसरे मनोज त्रिपाठी। इन दोनों के बीच में रेत के अवैध खनन को लेकर विवाद चलता रहता था। पहले भी हमने कार्रवाई की थी क्योंकि इन लोगों ने अवैध तरीके से सीसीटीवी लगवाया था। हमने उसे हटा दिया था। दोनों पक्षों को समझाया गया था कि आपस में विवाद न करें और किसी की लीज नहीं है तो अवैध रेत खनन न करें। दोनों ने बात मान भी ली थी और काम बंद भी कर दिया था।'
यह भी पढ़ें: 'बच सकते हो तो बच लो', बृजभूषण सिंह और उनके बेटे को दी जान से मारने की धमकी
SHO विनोद पासवान ने बताया, 'अभी कुछ दिन पहले पता चला कि फिर से खनन चालू हो गया है और दोनों के बीच विवाद हो गया है। कल ही मारपीट की एक घटना हुई जिसमें एफआईआर दर्ज की गई थी और हम कार्रवाई करने ही वाले थे। अचानक रात को पता चला कि लल्ला सिंह अपने कुछ साथियों को लेकर मनोज त्रिपाठी के गांव पहुंच गए थे। वहां उनकी गाड़ी में आगजनी की गई और इसके चलते लल्ला सिंह की मौके पर ही मौत हो गई थी। दो और लोगों की मौत हो गई और बाकी अस्पताल में भर्ती हैं। अभी तक 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है और जांच की जा रही है।'
घटना के बारे में सरगुजा के आईजी दीपक कुमार झा ने कहा है, 'हत्या, आगजनी और अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। 9 आरोपी नामजद हैं जिसमें से 4 गिरफ्तार हो गए हैं। दोनों गुटों का आपसी विवाद तो है और इसके बारे में जांच की जा रही है। हम लोगों ने घटनास्थल और बैकुंठपुर में पर्याप्त सुरक्षाबल तैनात किए हैं।'
