उत्तर प्रदेश के बागपत में पटाखे जलाने को लेकर हुए विवाद में गोली चल गई। इस घटना में राष्ट्रपति भवन में तैनात एक जवान के सिर में गोली लग गई। घायल जवान की पहचान सौरभ कुमार के रूप में हुई है। वह राष्ट्रपति की सुरक्षा के लिए तैनात स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप का हिस्सा थे। सौरभ दिवाली की छुट्टियों में घर आए थे और अपने भाइयों के साथ पटाखे जला रहे थे। इस दौरान पड़ोस में रहने वाले दो भाइयों ने पटाखे जलाने पर आपत्ति जताई। कहासुनी के बाद मामला हिंसा तक पहुंच गया। आरोप है कि धीरज नाम के एक युवक ने गोली चला दी। गोली पहले दीवार से टकराई और फिर सौरभ के कान के पास जा लगी। डॉक्टरों ने सर्जरी कर गोली निकाल दी है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

 

घटना 8 नवंबर की रात करीब 9 बजे बागपत के गोपालपुर खड़ाना गांव में हुई। पुलिस के मुताबिक, सौरभ अपने भाइयों विनीत और मिंटू के साथ घर के बाहर पटाखे जला रहे थे। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला धीरज वहां पहुंचा और पटाखे जलाने का विरोध करने लगा। दोनों पक्षों के बीच कुछ देर तक कहासुनी हुई, जिसके बाद गांव वालों ने मामला शांत करा दिया। कुछ देर बाद विवाद फिर शुरू हो गया। इसी दौरान धीरज ने तमंचा निकालकर गोली चला दी।

 

यह भी पढ़ें: गाजियाबाद पुलिस चौकी ब्लास्ट की तहरीक-उल-मुजाहिदीन ने ली जिम्मेदारी, एक घायल

दीवार से टकराकर लगी गोली

मामले की शिकायत सौरभ कुमार के पिता जनक राज ने की है। पुलिस ने बताया कि गोली सीधे सौरभ को नहीं लगी। पहले वह दीवार से टकराई और फिर सौरभ के सिर में कान के पास जा लगी। दीवार से टकराने की वजह से गोली का असर कुछ कम हो गया। घटना में सौरभ का भाई विनीत भी घायल हुआ था। विनीत बीच-बचाव करने पहुंचा था, जिस पर पड़ोसियों ने लाठियों से हमला कर दिया। परिवार के लोग सौरभ को अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर उनके सिर से गोली निकाल दी। बागपत के एसपी पूर्णेंदु सिंह ने बताया कि जवान की हालत अब स्थिर है।

 

यह भी पढ़ें: रायबरेली: 11 हजार नेग मांगने पर विवाद, किन्नरों ने क्लीनिक में की तोड़फोड़

आरोपियों की तलाश में तीन टीमें गठित

सौरभ के पिता की शिकायत पर पुलिस ने धीरज और उसके भाई मोनू उर्फ प्रवीण के खिलाफ मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने तीन टीमें गठित की हैं। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की गई है। परिवार ने आरोप लगाया है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से रंजिश थी। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।