हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पूर्व भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन रविवार को फरीदाबाद में आयोजित नमो हाफ मैराथन में शामिल हुए। सूरजकुंड मेला ग्राउंड में आयोजित इस कार्यक्रम का मकसद युवाओं को नशे से दूर रहने और खेल व फिटनेस को अपनी जिंदगी का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने क्रिकेट के अंदाज में कहा कि युवाओं के साथ मिलकर छ्क्के छुड़ा देंगे।
न्यूज एजेंसी के मुताबिक एक अधिकारी ने बताया कि CM सैनी ने सूरजकुंड से नशा मुक्त हरियाणा फरीदाबाद नमो मैराथन-2026 को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मैराथन में 1.35 लाख से ज्यादा लोगों ने हिस्सा लिया। एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, मैराथन के लिए 1.35 लाख से ज्यादा लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया था और इनमें से लगभग सभी लोग कार्यक्रम में पहुंचे। प्रतिभागियों ने 21 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर की अलग-अलग कैटेगरी में दौड़ लगाई।
यह भी पढ़ें: 'हिमंता चाहें तो हम सबको गिरफ्तार कर लें', भड़के CJP चीफ अभिजीत दीपके
CM नायब सैनी का बयान
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सोशल मीडिया पर एक फोटो शेयर की जिसमें शिखर धवन भी दिख रहे हैं। इस पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने लिखा, 'साथ मिलकर नशे के छक्के छुड़ा देंगे।' इसके अलावा प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए सैनी ने कहा, 'फरीदाबाद की भूमि से आज नमो मैराथन के माध्यम से नशे के खिलाफ एक बुलंद आवाज उठी है।' मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा की पहचान कड़ी मेहनत, पदक और वीरता से होती है। उन्होंने कहा कि राज्य के युवा नशे के लिए नहीं राज्य के युवा नशे के लिए नहीं बल्कि अपनी मेहनत, प्रतिभा और लक्ष्यों के प्रति समर्पण के लिए जाने जाते हैं।
शिखर धवन ने गिनाए खेल के फायदे
मैराथन में शामिल शिखर धवन ने भी युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उन्हें बेहतर अवसर और माहौल देना सभी की जिम्मेदारी है। धवन ने अपने क्रिकेट करियर का जिक्र करते हुए कहा कि खेल ने उन्हें अनुशासन, मेहनत और लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखने की सीख दी। उन्होंने हरियाणा सरकार के साथ इस मैराथन से जुड़ने पर खुशी जताई। धवन ने कहा कि यह सिर्फ दौड़ का आयोजन नहीं, बल्कि युवाओं को स्वस्थ जीवन और नशामुक्त भविष्य की ओर बढ़ने का संदेश देने की कोशिश है।
