पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी नशे के मुद्दे पर मौजूदा सरकार को घरने की पूरी कोशिश कर रही है। नशे के मुद्दे को लेकर भारतीय जनता पार्टी की ओर से निकाली जा रही ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ में बीजेपी के तमाम बड़े नेता पहुंच रहे हैं और पड़ोसी राज्य हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी की सक्रियता भी चर्चा में है। नायब सिंह सैनी ने 21 सितंबर को नशा मुक्त पंजाब यात्रा के दौरान एक रैली को संबोधित किया और भगवंत मान समेत आम आदमी पार्टी के नेताओं पर कई आरोप लगाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार नशे पर अंकुश लगाने में विफल रही है और प्रदेश में नशे की समस्या लगातार गंभीर बनी हुई है।
इस रैली में नायब सिंह सैनी ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान पंजाब को तीन से छह महीने में नशामुक्त करने का वादा किया था, लेकिन यह वादा पूरा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से नशे के खिलाफ कार्रवाई को लेकर अलग-अलग समयसीमाएं दी गईं, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति में कोई बदलाव दिखाई नहीं दिया।
यह भी पढ़ें: वायुसेना के मिशन 'मेक इन इंडिया' का क्या हुआ, कितना आगे बढ़ा देश?
भगवंत मान पर साधा निशाना
नायब सिंह सैनी ने इस रैली के बाद सोशल मीडिया पर रैली की तस्वीरें पोस्ट की और भगवंत मान पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने लिखा, 'पंजाब के मुख्यमंत्री से मैं कहना चाहूंगा कि नशे जैसे संवेदनशील और गंभीर मुद्दे पर राजनीति न करें। आज नशा मुक्त पंजाब यात्रा के दौरान अलग-अलग क्षेत्रों में माताओं और बुजुर्गों से मिला। उनकी आंखों में अपने बच्चों के भविष्य को लेकर चिंता और सरकार से जवाब की अपेक्षा साफ दिखाई दी।' उन्होंने सवाल किया कि AAP सरकार के चार साल बाद भी अगर नशा गांव-गांव तक पहुंच रहा है, तो पंजाब सरकार बताए नशे के खिलाफ किए गए वादे कब पूरे होंगे?
उन्होंने आगे लिखा कि पंजाब के नौजवानों को नारे नहीं, नशे से मुक्ति, बेहतर इलाज, रोजगार और सम्मान चाहिए। राजनीति करने वालों को यह बात समझनी होगी कि पंजाब का भविष्य किसी राजनीतिक बयान से नहीं, नशे के खिलाफ जमीन पर निर्णायक कार्रवाई से सुरक्षित होगा।
लोगों से की अपील
इस रैली के दौरान नायब सैनी ने भारतीय जनता पार्टी की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ को जन आंदोलन में बदलने की अपील की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर नशे से प्रभावित परिवारों से मिलने, युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने तथा स्कूलों, कॉलेजों, खेल मैदानों, गुरुद्वारों और सामाजिक संस्थाओं का सहयोग लेने की बात कही। उन्होंने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य केवल रोड शो करना नहीं, बल्कि नशे के खिलाफ लोगों में जागरूकता पैदा करना और इसे घर-घर की आवाज बनाना है।
यह भी पढ़ें: हरियाणा में 4 'गौ वन' बनाने का एलान, CM सैनी के निर्देश पर दी जाएगी गोचर भूमि
117 विधानसभा सीटों से गुजरेगी यात्रा
भारतीय जनता पार्टी की ओर से निकाली जा रही ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों को कवर करेगी। इस यात्रा को चार अलग-अलग जगहों से शुरू किया गया है और इसका समापन 30 सितंबर को जालंधर में होगा। इसके समापन पर बड़ी रैली का आयोजन किया जा सकता है जिसमें गृह मंत्री अमित शाह पहुंच सकते हैं। बीजेपी आगामी विधानसभा चुनावों से पहले इस यात्रा को काफी अहम मान रही है और वादा कर रही है कि सरकार बनने पर छह महीने के अंदर नशे को खत्म कर दिया जाएगा।
