बिहार के मुख्य मंत्री सम्राट चौधरी ने तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब में समीक्षा बैठक की। उन्होंने यह बैठक श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के 360वें प्रकाश पर्व की तैयारियों का जायजा लेने के लिए की। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, आवासन और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रकाश पर्व में शामिल होने के लिए देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु पटना साहिब पहुंचेंगे। मुख्य मंत्री ने कहा कि आयोजन के लिए सभी व्यवस्थाएं पुख्ता होनी चाहिए और श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

 

बैठक में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत भी मौजूद थे। उन्होंने प्रकाश पर्व के आयोजन की प्रस्तावित कार्ययोजना के बारे में विस्तृत जानकारी दी। डीएम कुंदन कुमार ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से व्यवस्थाओं और तैयारियों से अवगत कराया। इस अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम 9 जनवरी से 16 जनवरी तक आयोजित किए जाएंगे।

 

आयोजन की थीम 'बिहार है तैयार, जी आया नूं' रखी गई है। श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था के लिए लगभग 20 से 30 एकड़ क्षेत्र में इंतजाम करने की योजना है। इसके तहत करीब 20 हजार लोगों के ठहरने की सुविधा विकसित की जाएगी। प्रकाश पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष बसें चलाई जाएंगी।

 

बिहार स्टेट मिल्क को-ऑपरेटिव फेडरेशन लिमिटेड (कॉम्फेड) की ओर से दूध और दही की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। इसके साथ ही चलंत शौचालय, स्ट्रीट लाइट, चेकपोस्ट, भीड़ प्रबंधन और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी।

'श्रद्धालुओं को न हो किसी प्रकार की परेशानी'

मुख्य मंत्री सम्राट चौधरी ने श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर कहा, 'प्रकाश पर्व में शामिल होने के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पटना साहिब आएंगे। इसे ध्यान में रखते हुए आवागमन की व्यवस्था सुगम और सुविधाजनक होनी चाहिए। तख्त श्री हरमंदिर साहिब गुरुद्वारा तक पहुंचने वाली सड़कों को व्यवस्थित करें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।'

 

मुख्यमंत्री ने दानापुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक और पूर्व मध्य रेल, हाजीपुर के महाप्रबंधक को पटना साहिब रेलवे स्टेशन को श्रद्धालुओं की सुविधा के अनुरूप विकसित और व्यवस्थित करने का निर्देश दिया। उन्होंने गुलजारबाग, पटना जंक्शन और राजेंद्र नगर रेलवे स्टेशन पर भी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

 

यह भी पढ़ें: 'आइए, बिहार में निवेश करिए', आनंद महिंद्रा ने की तारीफ, CM सम्राट ने दिया न्योता

'घाटों पर चलेगी वाटर मेट्रो'

मुख्य मंत्री ने श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात का दबाव कम करने के उद्देश्य से दीघा घाट से कंगन घाट तक वाटर मेट्रो सेवा शुरू करने की संभावना तलाशने का निर्देश दिया। उन्होंने इस सेवा के संचालन के लिए जरूरी संसाधनों और व्यवस्थाओं पर काम करने के साथ ही कोलकाता से वाटर मेट्रो किराये पर लेने की संभावना पर भी विचार करने को कहा। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में बसों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया।

 

यह भी पढ़ें: पूर्वी चंपारण: 20 लाख रुपये के साथ पकड़ा गया शख्स, जाली नोटों के नेटवर्क का शक

ठंड को लेकर है विशेष तैयारी 

मुख्य मंत्री सम्राट चौधरी ने कहा, 'प्रकाश पर्व का आयोजन जनवरी में होगा, जब ठंड का मौसम रहेगा। ऐसे में श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए विशेष तैयारियां की जाएं। हृदय रोग विशेषज्ञों सहित अन्य आवश्यक चिकित्सा विशेषज्ञों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। श्रद्धालुओं के ठहरने, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश और अन्य बुनियादी सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।'