काशी में हिंदी साहित्य के महान लेखक मुंशी प्रेमचंद की यादों को संजोने के लिए एक नई पहल की गई है। वाराणसी के पांडेयपुर ओवरब्रिज के नीचे बनी उनकी पुरानी प्रतिमा और आसपास के परिसर का अब सौंदर्यीकरण किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फोन के जरिए इस परियोजना का वर्चुअल शिलान्यास किया।
पांडेयपुर चौराहा इसलिए भी खास है, क्योंकि यहां से मुंशी प्रेमचंद की जन्मस्थली लमही जाने का रास्ता जाता है। अभी तक फ्लाईओवर के नीचे बना प्रतिमा स्थल उपेक्षा का शिकार था। अब इसके कायाकल्प से यह जगह सुंदर और आकर्षक बनेगी। इससे लमही जाने वाले पर्यटकों और साहित्य प्रेमियों को रास्ते में ही प्रेमचंद की विरासत की झलक देखने को मिलेगी।
शिलान्यास कार्यक्रम में क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। उनका कहना है कि पांडेयपुर का यह प्रतिमा स्थल काशी आने वाले लोगों के लिए लमही का प्रवेश द्वार है। इसके सुंदर बनने से पूरे इलाके की पहचान और बेहतर होगी।
यह भी पढ़ें: काशी में प्रेमचंद की विरासत, संग्रहालय में लगेंगे QR कोड; दिखेंगे अनकहे किस्से
लमही में हुआ था मुंशी प्रेमचंद का जन्म
वाराणसी शहर से कुछ किलोमीटर दूर लमही गांव मुंशी प्रेमचंद की जन्मस्थली है। उनका जन्म 31 जुलाई 1880 को धनपत राय श्रीवास्तव के रूप में हुआ था। उनके बचपन का माहौल और गांव का जीवन उनकी कहानियों और उपन्यासों में साफ दिखाई देता है।
शुरुआत में वह उर्दू में 'नवाब राय' नाम से लिखते थे। बाद में उन्होंने 'प्रेमचंद' नाम से हिंदी साहित्य में अपनी अलग पहचान बनाई। उन्हें हिंदी साहित्य का 'उपन्यास सम्राट' कहा जाता है।
प्रेम चंद की प्रमुख कृतियां क्या हैं?
प्रेमचंद ने अपने लेखन में किसानों, मजदूरों, महिलाओं और गरीबों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने करीब 300 कहानियां और डेढ़ दर्जन उपन्यास लिखे।
उनके प्रमुख उपन्यासों में गोदान, गबन, निर्मला, सेवासदन, रंगभूमि और कर्मभूमि शामिल हैं। वहीं, ईदगाह, कफन, पूस की रात, पंच परमेश्वर, नमक का दारोगा और दो बैलों की कथा उनकी चर्चित कहानियां हैं। 8 अक्टूबर 1936 को वाराणसी में उनका निधन हो गया था।
यह भी पढ़ें: एक बयान ने ली नेता जी की कुर्सी! UK के वित्त मंत्री ने दिया इस्तीफा
लमही में आज भी सुरक्षित हैं प्रेमचंद की यादें
मुंशी प्रेमचंद के लमही स्थित पैतृक घर को स्मारक और शोध संस्थान के रूप में विकसित किया गया है। हर साल 31 जुलाई को उनकी जयंती पर देशभर से साहित्यकार और प्रेमचंद के प्रशंसक यहां पहुंचते हैं। अब पांडेयपुर स्थित उनकी प्रतिमा और परिसर के सौंदर्यीकरण से वाराणसी शहर और लमही के बीच साहित्यिक जुड़ाव और मजबूत होगा। इससे आने वाले लोगों को प्रेमचंद के जीवन और साहित्य के बारे में जानने का एक और अवसर मिलेगा।
