उत्तर प्रदेश के पूर्वी भाग में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है और ठंड अब पूरी तरह से दस्तक देने लगी है। बदलते मौसमी सिहरन , ठंडी हवाओं के असर और सुबह के कोहरे व धुंध के कारण तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। कई इलाकों में दिन के समय बादलों व धुंध का असर रहने तथा धूप कमजोर पड़ने से दिन और रात दोनों के तापमान में कमी महसूस की जा रही है। 

 

वाराणसी सहित पूर्वांचल के कई हिस्सों में तापमान में तेज गिरावट के साथ सीजन की सबसे ठंडी सुबह का एहसास दर्ज किया गया है। वाराणसी में न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया, जो सामान्य से कम है। 

 

यह भी पढ़ें: हरियाणा: बिजली चोरी पर 140 करोड़ रुपये तो पानी चोरी पर 26.62 लाख जुमार्ना वसूला

पहाड़ों पर बर्फबारी का असर

पहाड़ों पर बर्फबारी और क्षेत्रीय हवाओं के बदलाव से गलन वाली ठंडी हवाओं का असर बढ़ रहा है। ग्रामीण व अंचलीय इलाकों में सुबह के समय कोहरा और दृश्यता में कमी देखी जा रही है, जबकि दिन चढ़ने पर धूप निकलने से थोड़ी राहत मिलती है, लेकिन शाम ढलते ही ठंड फिर जोर पकड़ लेती है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती है, जबकि सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरे का सिलसिला जारी रहने के आसार हैं। 

सलाह किसानों के लिए

इन दिनों फसलों और सब्जियों की पत्तियों पर ओस या कुहासे की नमी रहने तक कीटनाशक या फफूंदनाशक दवाओं का छिड़काव न करें। धूप निकलने और पत्तियां सूखने के बाद ही कृषि विशेषज्ञ की सलाह से छिड़काव करें। गेहूं, सरसों, आलू, मटर और चने जैसी फसलों में नमी व ठंड के असर पर नजर रखें, जलभराव न होने दें और आवश्यकतानुसार हल्की सिंचाई व पोषण प्रबंधन करे। सुबह-शाम की ठंड और कुहासे से छोटे बछड़ों, कमजोर पशुओं, गर्भवती पशुओं और दुधारू गाय-भैंसों को बचाएं। पशुशाला को सूखा व हवा से सुरक्षित रखें तथा गुनगुने पानी व पौष्टिक चारे का ध्यान रखें। 

 

यह भी पढ़ें: हरियाणा विधानसभा सत्र से एक दिन पहले BJP और कांग्रेस ने की विधायक दल की बैठक

यात्रा के पहले रखें यह सावधानियां

कोहरे में कम दृश्यता के दौरान गति सीमित रखें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें। लो-बीम हेडलाइट व फॉग लाइट का उपयोग करें, और अचानक लेन बदलने या रुकने से बचें। तड़के और देर रात के बजाय दिन के डे लाइट में यात्रा करने को प्राथमिकता दें। रेलवे, बस और हवाई यात्रा से पहले संचालन व समय-सारणी की स्थिति जांच लें। वही लंबी यात्रा के दौरान गर्म कपड़े, शॉल या जैकेट साथ रखें। बुजुर्गों, बच्चों और दमा या सांस से जुड़ी समस्या वाले यात्रियों को ठंडी हवा और कोहरे से खास बचाव करना चाहिए।