उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के नंदग्राम इलाके में एक युवक पर अपना धर्म बदलने का आरोप लगा है। इस मामले की शिकायत विश्व हिंदू परिषद के लोगों ने पुलिस से की है। विवाद तब शुरू हुआ जब युवक की पत्नी को कपड़े धोते वक्त उसकी पैंट की जेब में एक सफेद टोपी मिली। घर वालों का कहना है कि युवक अपनी पत्नी पर बुर्का पहनने का दबाव डाल रहा था। जब घर में विवाद बढ़ गया तो परिवार ने पुलिस को बताया और विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को भी बुलाया। हालांकि, पुलिस के सामने युवक ने धर्म बदलने की बात से साफ इनकार कर दिया है।

 

यह भी पढ़ें: पहले किया इनकार, स्वर्ण कांता हटीं, कार्यवाही में शामिल होने को तैयार केजरीवाल

 

युवक के पिता ने बताया कि उनका बेटा पेंटर है और पिछले साल नवंबर से उसके व्यवहार में बदलाव आने लगा था। परिवार का आरोप है कि वह घर में इस्लाम धर्म की बातें करता था। एक बार वह किसी शादी में भी सफेद टोपी पहनकर चला गया था। घर वालों ने उसे बहुत समझाया तो उसने पहले कहा कि उसने धर्म बदल लिया है लेकिन बाद में वह अपनी बात से मुकर गया। पत्नी को जेब से टोपी मिलने के बाद घर में काफी हंगामा हुआ जिसके बाद पिता ने विश्व हिंदू परिषद के लोगों से मदद मांगी।

 

यह भी पढ़ें: TCS नासिक धर्मांतरण केस में नया मोड़, कौन है हनिया? निदा खोल रही राज

पुलिस तक पहुंचा मामला

सोमवार को विश्व हिंदू परिषद के महानगर सहमंत्री अश्वनी शर्मा, अमित त्यागी, निखिल त्यागी, संयोजक पंकज आर्य, प्रमोद कुमार, शिवम और कपिल जैसे कार्यकर्ता युवक के पिता के साथ थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने की मांग की। इस शिकायत के बाद पुलिस ने युवक और उसके परिवार के सदस्यों को चौकी बुलाकर आमने-सामने बातचीत की।

 

डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि थाने में हुई पूछताछ के दौरान युवक ने धर्म बदलने के सभी आरोपों को पूरी तरह गलत बताया और साफ मना कर दिया। इसके साथ ही डीसीपी को युवक ने भविष्य में किसी भी तरह का विवाद न करने का आश्वासन भी दिया है।