दिल्ली में दिवाली से पहले ही हवा जहरीली होने लगी है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) की ओर से जारी किए सुबह 7 बजे से पहले के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, अक्षरधाम मंदिर और ITO के आसपास के इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 349 दर्ज किया गया। इंडिया गेट और जनपथ के आसपास भी वायु गुणवत्ता खराब स्तर पर रही। यहां AQI 335 पर रहा। आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के 57 निगरानी केंद्रों में से 23 पर AQI 300 के पार पहुंच गया।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, इस सप्ताह प्रदूषण और बढ़ेगा, जिससे एक्यूआई ‘बेहद खराब श्रेणी’ में पहुंच सकता है। बोर्ड के मुताबिर, एक दिन पहले दिल्ली का एक्यूआई 117 था और रविवार को इसमें 144 अंकों की बढ़ोतरी हुई। इससे हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में पहुंच गई है।
यह भी पढ़ें: आय से अधिक संपत्ति मामले में पूर्व मंत्री और बेटे के ठिकानों पर ED की छापेमारी
दिल्ली में खराब हुई हवा, कहां कितना रहा AQI?
CPCB के अनुसार, अक्षरधाम मंदिर के आसपास के इलाके में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 349 रहा, जिसे 'बहुत खराब' (Very Poor) की श्रेणी में रखा गया है। इंडिया गेट और जनपथ के आसपास के इलाके में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 335 रहा, यह भी 'बहुत खराब' श्रेणी में आता है। इसके अलावा, ITO के आसपास के इलाके में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 349 दर्ज किया गया।
दिल्ली के 59 एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशनों में से 36 स्टेशनों पर हवा ‘बहुत खराब’ श्रेणी में थी। इसके अलावा जहांगीरपुरी एकमात्र ऐसा स्टेशन था जहां AQI 417 पहुंचकर ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंच गया है। वहीं 5 स्टेशनों पर हवा ‘मध्यम’ रही, बाकी जगहों पर ‘खराब’ श्रेणी देखी गई।
आने वाले दिनों में कैसी रहेगी हवा?
मौसम विशेषज्ञ नवदीप दहिया का कहना है कि स्मॉग का मौसम शुरू हो गया है, AQI बहुत खराब' से 'गंभीर' श्रेणी में जा रहा है। दिल्ली-NCR में ज्यादातर AQI सेंसर अब 300 से ऊपर का स्तर दिखा रहे हैं, कई जगहों पर तो यह आज रात 400-500 की रेंज तक पहुंच रहा है। हवाएं उत्तर-पश्चिम दिशा से आ रही हैं और उनकी गति बहुत धीमी है। इस वजह से प्रदूषण फैलाने वाले कण लंबे समय तक हवा में बने रहेंगे।
उन्होंने कहा कि अगले 7 से 10 दिनों तक मौसम की स्थिति में कोई सुधार होने की उम्मीद नहीं है। अब दिल्ली-NCR और उत्तरी मैदानी इलाकों में स्मॉग और भी बदतर हो जाएगा। वायु प्रदूषण के इस गंभीर संकट से निपटने के लिए तैयार रहें।
