दिल्ली में आज सुबह एक घर में भीषण आग लगने से 4 लोगों की मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग घर में बने ई-रिक्शा चार्जिंग पॉइंट से लगी। हादसे के समय पहली मंजिल पर सो रहे लोग आग की चपेट में आ गए। इस घटना में 2 लोग घायल भी हुए हैं। यह हादसा दिल्ली के शाहदरा जिला के फर्श बाजार थाना क्षेत्र में देर रात हुआ। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। 

 

शाहदरा के DCP राजेंद्र प्रसाद मीणा के मुताबिक, पुलिस को आग लगने की सूचना मिली थी।  इसके बाद टीम गली नंबर 11 में पहुंची। शुरुआती जांच में आशंका जताई गई कि आग मकान में बने ई-रिक्शा चार्जिंग पॉइंट से शुरू हुई। हालांकि, आग लगने के सही कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी। 

 

यह भी पढ़ें: ईरान ने स्टारलिंक की मदद से से अमेरिका पर किया हमला? फंस गए एलन मस्क

पहली मंजिल पर सो रहे लोग हुए हादसे के शिकार 

DCP के मुताबिक, मकान की पहली मंजिल पर सो रहे लोग भी आग से प्रभावित हुए। इस घटना में दो लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिलहाल दोनों की हालत स्थिर है। इस हादसे के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है, आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।  

तड़के सुबह लगी आग 

रिपोर्ट के मुताबिक, यह हादसा दिल्ली के विश्वास नगर में शनिवार तड़के एक मकान में हुआ। इसमें चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग झुलस गए । बताया जा रहा है कि आग यूनिटी मॉल के पास गली नंबर-11 में एक मकान के ई-रिक्शा पार्किंग वाले हिस्से में लगी थी। दिल्ली अग्निशमन सेवा (DFS) के अनुसार, सुबह करीब 4:13 बजे उन्हें घर में आग लगने की सूचना मिली थी। 
 
घटना के तुरंत बाद दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर भेजी गईं, जिनमें एक वाटर टेंडर, एक वाटर बाउजर और एक क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल शामिल था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सुबह 4:30 बजे वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक और दमकल की गाड़ी को मौके पर भेजा गया।