श्री मणिमहेश यात्रा-2026 की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। प्रशासन यात्रा के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए पूरी ताकत झोंक रखी है। उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने गुरुवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ हड़सर से डल झील मणिमहेश तक यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। यात्रा के विभिन्न पड़ावों पर श्रद्धालुओं को मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लिया और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिया।

 

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने यात्रा मार्ग पर संचालित दुकानों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दुकानदारों से पर्यावरण संरक्षण एवं मणिमहेश घाटी की प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण में सहयोग देने की अपील की। इसके अलावा पूरे यात्रा मार्ग पर बीड़ी, सिगरेट समेत अन्य तंबाकू उत्पादों की बिक्री नहीं करने का निर्देश दिया।

 

यह भी पढ़ें: 'सरकार में दम है तो जेल भेज दे', सुक्खू सरकार पर भड़के BJP विधायक सुधीर शर्मा

पानी की छोटी बोतलों पर बैन

उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने बताया कि यात्रा मार्ग पर छोटी क्षमता वाली पानी की बोतलों और नमकीन समेत अन्य छोटे पैकेटों की बिक्री बैन रहेगी। दुकानदारों को भी प्रतिबंधित सामग्री न बेचने के प्रति आगाह किया गया है। इससे प्लास्टिक कचरे को कम करने और घाटी की जैव विविधता व संवेदनशील पारिस्थितिकी तंत्र सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी। वहीं श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और प्रदूषणमुक्त वातावरण भी मिलेगा।

तय समय पर निर्धारित काम पूरा करने का निर्देश

उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने धनछो के समीप दुनाली में पैदल पुल एवं सड़क और सुंदरासी से ऊपर ग्लेशियर प्वाइंट की मरम्मत को लेकर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही यात्रा मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर चल रहे निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने को कहा।

 

यह भी पढ़ें: 'CM पद के लायक नहीं', JPSC प्रदर्शन में छात्रों ने मांगा हेमंत सोरेन का इस्तीफा

पंजीकरण करवाना अनिवार्य

उन्होंने यात्रा मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, ठहराव स्थल, शौचालयों और कूड़ा-कचरा प्रबंधन का न केवल निरीक्षण किया, बल्कि सभी विभागों को आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर से बेहतर सुविधा मुहैया करवाने का निर्देश भी दिया।उपायुक्त ने सभी श्रद्धालुओं से यात्रा पर निकलने से पहले पंजीकरण करवाने की अपील की। बता दें कि हिमाचल सरकार ने अबकी बार मणिमहेश की यात्रा के लिए पंजीकरण अनिवार्य किया है।