उत्तर प्रदेश के बाद अब पंजाब में भी विधानसभा चुनाव से पहले बागेश्वर धाम के प्रमुख पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री की कथा को लेकर सियासत गरमा गई है। पंजाब के पठानकोट में 22 से 24 नवंबर तक तीन दिवसीय श्री हनुमंत कथा का आयोजन किया जा रहा है। खास बात यह है कि इस कार्यक्रम की कमान आम आदमी पार्टी के नेता और सुजानपुर विधानसभा सीट से पार्टी के उम्मीदवार स्वर्ण सिंह सलारिया के हाथ में है। इस आयोजन में AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान भी शामिल हो सकते हैं। पंजाब चुनाव से पहले यह आयोजना काफी अहम है।
2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले हो रहे इस आयोजन को केवल धार्मिक कार्यक्रम के तौर पर नहीं देखा जा रहा है। राजनीतिक हलकों में इसे AAP की हिंदू मतदाताओं के बीच पहुंच मजबूत करने की कोशिश से जोड़कर देखा जा रहा है। उत्तर प्रदेश में बीजेपी गठबंधन के नेता इस तरह के कार्यक्रम कर शक्ति प्रदर्शन कर रहे हैं। हालांकि, यूपी में विपक्षी गठबंधन ने इस तरह के आयोजनों से दूरी बनाई थी।
यह भी पढ़ें: हरियाणा मॉडल वाले बयान पर पलटे किरोड़ी लाल, CM भजनलाल को लेकर अब क्या बोले?
यूपी में अखिलेश यादव ने खोला था मोर्चा
धीरेन्द्र शास्त्री की कथाओं को लेकर उत्तर प्रदेश में हाल ही में बड़ा राजनीतिक विवाद देखने को मिला था। भगवान राम और भगवान कृष्ण को लेकर शास्त्री की टिप्पणियों पर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कड़ी आपत्ति जताई थी। अखिलेश ने उनके बयानों को धार्मिक भावनाओं और सामाजिक सौहार्द से जुड़ा मुद्दा बताते हुए उत्तर प्रदेश सरकार से शास्त्री के कार्यक्रमों की अनुमति रद्द करने और उनके सार्वजनिक आयोजनों पर रोक लगाने की मांग की थी।
इस विवाद के दौरान अखिलेश यादव ने कहा था कि धार्मिक आस्था से जुड़े विषयों पर इस तरह की टिप्पणियां स्वीकार नहीं की जा सकतीं। दूसरी तरफ बीजेपी नेताओं ने सपा पर सनातन और हिंदू धर्म के प्रति विरोधी रुख अपनाने का आरोप लगाया। इस तरह शास्त्री की कथा यूपी में धार्मिक आयोजन से आगे बढ़कर बीजेपी और सपा के बीच राजनीतिक टकराव का मुद्दा बन गई।
पंजाब में AAP का हिंदू आउटरीच?
पंजाब की राजनीति का सामाजिक समीकरण उत्तर प्रदेश से अलग है। यहां सिख आबादी बहुसंख्यक है, लेकिन हिंदू मतदाता भी कई शहरी और सीमावर्ती विधानसभा क्षेत्रों में अहम भूमिका निभाते हैं। पठानकोट और आसपास के इलाकों में हिंदू मतदाताओं का प्रभाव राजनीतिक दलों के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है। ऐसे में AAP नेता द्वारा धीरेन्द्र शास्त्री की कथा आयोजित कराना और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को इसमें आमंत्रित करना चुनावी रणनीति के नजरिए से चर्चा में है। इससे पहले भी AAP हिंदू धर्म से जुड़े कई बड़े आयोजना करवा चुकी है। राजनीतिक गलियारों में इसे AAP की हिंदू मतदाताओं तक पहुंच बनाने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।
यह भी पढ़ें: '2 मीटिंग में हो जाएगा गठबंधन', 26 सीटें देने वाली बात पर कांग्रेस ने क्या कहा?
कितने अहम हैं हिंदू वोटर?
पंजाब में हिंदू राजनीतिक रूप से काफी अहम हैं। 2011 की जनगणना के मुताबिक, राज्य की कुल आबादी में हिंदुओं की हिस्सेदारी करीब 38.49 फीसदी है। यानी पंजाब में हिंदू सिखों के बाद दूसरा सबसे बड़ा धार्मिक समुदाय हैं। इनका प्रभाव खासतौर पर जालंधर, लुधियाना, अमृतसर, पठानकोट, होशियारपुर और गुरदासपुर जैसे शहरी व सीमावर्ती इलाकों में अधिक है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, पंजाब की करीब 34 विधानसभा सीटों पर हिंदू मतदाताओं की संख्या अच्छी-खासी है और कई सीटों पर वे नतीजे तय करने की स्थिति में हैं। हालांकि, पंजाब का हिंदू वोट किसी एक पार्टी का स्थायी वोट बैंक नहीं रहा है। 2022 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने हिंदू बहुल 22 सीटों में से 15 पर जीत दर्ज की थी। ऐसे में बीजेपी, कांग्रेस और AAP तीनों के लिए हिंदू मतदाता महत्वपूर्ण हैं। AAP के लिए यह वोटबैंक राज्य में वापसी के लिए काफी अहम है। यही वजह है कि चुनाव से पहले धार्मिक आयोजनों और हिंदू समुदाय तक पहुंच बनाने की राजनीतिक कोशिशें तेज हो गई हैं। वहीं, बीजेपी अन्य राज्यों की तरह हिंदू वोटर्स को अपने पाले में करना चाहती है।
