तमिलनाडु में द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (DMK) ने पूर्व डिप्टी सीएम उदयनिधि स्टालिन को विधानसभा में विधायक दल का नेता चुना है। पार्टी सूत्रों ने रविवार को कहा कि द्रमुक के पूर्व मंत्री और वरिष्ठ नेता केएन नेहरू को विधायक दल का उपनेता चुना गया है। इसके अतिरिक्त द्रमुक के पूर्व मंत्री ईवी वेलु को पार्टी का सचेतक चुना गया है। द्रमुक के 59 विधायक हैं और वह सदन में मुख्य विपक्षी दल है।

 

अभिनेता विजय की टीवीके 107 सीटों पर जीत हासिल करके तमिलनाडु की 234 सदस्यीय विधानसभा में सबसे बड़ी पार्टी बनी है। हालांकि वह बहुमत से चूक गई।

 

यह भी पढ़ें: सेलिना जेटली के बच्चों का कौन कर रहा 'ब्रेनवाश'? मदर्स डे पर एक्ट्रेस का दावा

 

करीब पांच दिन की सियासी गहमा-गहमी के बीच टीवीके को कांग्रेस, वीसीके, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग ने बिना शर्त समर्थन दिया है। इन दलों के समर्थन के साथ विधानसभा में सत्ता पक्ष के कुल विधायकों की संख्या 120 हो गई है, जबकि बहुमत का आंकड़ा 118 है।

उदयनिधि के पास विपक्ष का अनुभव नहीं

चेन्नई में रविवार को डीएमके मुख्यालय अन्ना अरिवलयम में पूर्व सीएम एमके स्टालिन की अध्यक्षता में बैठक हुई। विधायक दल की बैठक में उदयनिधि को विधायक दल का नेता चुना गया। अब विधानसभा में मुख्यमंत्री विजय का सामना विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन से होगा। हालांकि उदयनिधि के पास विपक्ष में बैठने का अनुभव नहीं है।

 

यह भी पढ़ें: SIR में निभाई अहम भूमिका, अब बने सुवेंदु के सलाहकार; कौन हैं सुब्रत गुप्ता?

 

2021 में उदयनिधि स्टालिन पहली बार विधायक बने थे। इस बार उन्होने चेपॉक-थिरुवेलिकेनी विधानसभा सीट से दूसरी बार चुनाव जीता है। उदयनिधि ने विजय की पार्टी तमिलागा वेट्ट्री कजगम (TVK) के प्रत्याशी डी सेल्वम को 7,140 वोटों के अंतर से हराया।