तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सांसद महुआ मोइत्रा ने पश्चिम बंगाल में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक के दौरान उन पर हमला किए जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि जहां बैठक हो रही थी वहां बाहर मौजूद लोगों ने अंडे और पत्थर फेंके, जिससे उन्हें भी चोट लगी। महुआ ने इस घटना के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार ठहराया और आरोप लगाया कि पुलिस पूरे घटनाक्रम के दौरान मूकदर्शक बनी रही।

 

महुआ मोइत्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर घटना का एक वीडियो शेयर किया। वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि उन पर BJP के गुंडों द्वारा हमला किया जा रहा है, जबकि पश्चिम बंगाल पुलिस केवल तमाशा देख रही है। उन्होंने कहा कि यह हमला उस समय हुआ, जब वह अपने संसदीय क्षेत्र में एक निजी कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रही थीं।

 

यह भी पढ़ें: राघव चड्ढा मानहानि मामले में दिल्ली HC सख्त, 5 सोशल मीडिया पोस्ट हटाने का आदेश

वीडियो में अंडे फेंकती दिखी भीड़

महुआ मोइत्रा द्वारा शेयर किए गए वीडियो में बड़ी संख्या में लोग एक इमारत की खिड़की की ओर अंडे फेंकते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में अंदर से महुआ की आवाज भी सुनाई देती है। अंडे खिड़की से टकराने के बाद बाहर मौजूद कुछ लोग नारेबाजी करते और खुशी जताते नजर आते हैं। महुआ का दावा है कि भीड़ ने अंडों के साथ-साथ पत्थर भी फेंके, जिससे बैठक का माहौल तनावपूर्ण हो गया। उन्होंने आरोप लगाया कि जब वह खिड़की के पास पहुंचीं तो एक अंडा उन्हें भी लगा, जिससे उन्हें चोट आई।

 

यह भी पढ़ें: रामराज्य कोष, QR कोड..., पुलिस को आरोपियों के घर से अब क्या ढूंढा?

DGP को दी जानकारी, पुलिस पर उठाए सवाल

महुआ मोइत्रा ने एक अन्य वीडियो में पश्चिम बंगाल के पुलिस महानिदेशक (DGP) सिद्ध नाथ गुप्ता को संबोधित करते हुए कहा कि उन्होंने घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी और अपनी लोकेशन भी शेयर की। उनके अनुसार, पुलिस मौके पर पहुंची जरूर लेकिन भीड़ को हटाने या स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

महुआ ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी पूरे घटनाक्रम के दौरान केवल खड़े होकर देखते रहे। उन्होंने DGP से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग की।