उत्तर प्रदेश में 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की तारीखों का ऐलान हो गया है। यूपी बोर्ड ने परीक्षाएं 5 फरवरी से 24 फरवरी 2027 तक कराने का कार्यक्रम घोषित किया है। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव भी फरवरी में होने की संभावना जताई जा रही है। कयास लगाए जा रहे हैं कि बोर्ड परीक्षा के चलते चुनाव को आगे किया जा सकता है। अगर ऐसा होता है तो विधानसभा चुनाव फरवरी के बजाय मार्च महीने में शुरू हो सकते हैं। ऐसे में यह देखना लाजमी हो जाता है कि पिछली बार जब बोर्ड परीक्षा और चुनाव एक ही समय पर होने थे तब किसे वरीयता दी गई।

 

ऐसा ही कुछ 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान भी देखा गया था। लोकसभा के चुनाव 19 अप्रैल से 1 जून के बीच होने थे इसलिए बोर्ड परीक्षा का शेड्यूल ऐसा रखा गया था कि चुनाव से पहले-पहले परीक्षा हो जाए। ऐसा करने की वजह यह होती है कि कई स्कूलों को मतदान केंद्र बनाया जाता है और शिक्षा विभाग के साथ-साथ प्रशासन के अन्य अधिकारी परीक्षा और चुनाव दोनों में ड्यूटी करते हैं। 

2017 में क्या हुआ था?

उत्तर प्रदेश में साल 2017 का विधानसभा चुनाव सात चरणों में हुआ था। पहले चरण का मतदान 11 फरवरी को हुआ था, जबकि अंतिम चरण का मतदान 8 मार्च को हुआ। चुनाव का रिजल्ट 11 मार्च को घोषित किया गया था। उस साल यूपी बोर्ड ने 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं पहले 16 फरवरी से कराने का फैसला किया था लेकिन विधानसभा चुनाव की वजह से बोर्ड परीक्षाओं का कार्यक्रम बदल दिया गया। इसके बाद बोर्ड ने परीक्षाओं की नई तारीखों का एलान किया था। नई तारीखों के हिसाब से 10वीं की परीक्षा 16 मार्च से 1 अप्रैल तक हुई। वहीं 12वीं की परीक्षा 16 मार्च से 21 अप्रैल तक चली।

 

यह दिखाता है कि चुनाव के हिसाब से बोर्ड परीक्षा की तारीखें बदली भी जा सकती हैं। इस बार भी अगर चुनाव फरवरी में ही कराने हुए तो बोर्ड परीक्षाओं की तारीख आगे बढ़ाई जा सकती है क्योंकि फरवरी से पहले बोर्ड परीक्षा कराने पर विद्यार्थियों को समय कम मिलेगा। ऐसे में संभव है कि चुनाव के बाद बोर्ड परीक्षाएं।

 

यह भी पढ़ें: बिहार सरकार ने बाढ़ पीड़ितों को दिए 112 करोड़, कल किसानों को मिलेगी सब्सिडी

2022 में भी पहले हुआ था चुनाव

साल 2022 में भी उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव सात चरणों में हुए थे। पहले चरण का मतदान 10 फरवरी को हुआ था और अंतिम चरण का मतदान 7 मार्च को हुआ। चुनाव का रिजल्ट 10 मार्च को घोषित किया गया था। इस साल कोविड-19 महामारी और विधानसभा चुनाव के कारण बोर्ड परीक्षाओं की घोषणा ही देरी से हुई। यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं 24 मार्च से शुरू हुई थीं। 10वीं की परीक्षा 12 अप्रैल तक चली थी जबकि 12वीं की परीक्षा 20 अप्रैल को समाप्त हुई थी। 

2027 में क्या होगा?

उत्तर प्रदेश में साल 2027 में अगला विधानसभा चुनाव होना है। फिलहाल, चुनाव फरवरी में कराए जाने की संभावना जताई जा रही है। दूसरी ओर, बोर्ड परीक्षाएं भी फरवरी में होना तय हो गया है। अगर दोनों कार्यक्रम एक ही समय पर होते हैं, तो स्कूलों और प्रशासन के सामने मुश्किलें आ सकती हैं। स्कूलों का इस्तेमाल बोर्ड परीक्षाओं के लिए एग्जाम सेंटर के रूप में होता है। वहीं, चुनाव के दौरान भी स्कूलों में मतदान केंद्र बनाए जा सकते हैं। चुनावी ड्यूटी के लिए शिक्षकों और दूसरे कर्मचारियों की भी जरूरत पड़ती है।

 

यह भी पढ़ें: रामलीला मेले से पहले कमेटी की मीटिंग में हुआ झगड़ा, गोलीबारी में 3 की मौत

बोर्ड परीक्षा या विधानसभा चुनाव?

पिछले दो चुनावों का रिकॉर्ड देखें तो साल 2017 में चुनाव के कारण बोर्ड परीक्षाओं की तारीखें बदली गई थीं। वहीं, 2022 में बोर्ड परीक्षाएं चुनाव खत्म होने के बाद शुरू हुई थीं। इन दोनों उदाहरणों से पता चलता है कि चुनाव और बोर्ड परीक्षा की तारीखें तय करते समय दोनों के बीच टकराव से बचने की कोशिश की जाती है। देखना दिलचस्प होगा कि साल 2027 में क्या होता है।