उत्तर प्रदेश में गंगा एक्सप्रेस-वे पर सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए बड़ी खबर है। लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों और सर्दियों में कोहरे के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने वाहनों की रफ्तार पर लगाम लगाने का फैसला किया है। अब गंगा एक्सप्रेस-वे पर चार पहिया और हल्के वाहनों की अधिकतम गति सीमा 120 किलोमीटर प्रति घंटा से घटाकर 80 किलोमीटर प्रति घंटा कर दी गई है। वहीं भारी वाहनों के लिए अधिकतम रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित की गई है। नई व्यवस्था को एक सप्ताह के भीतर लागू करने की तैयारी है। निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में वाहन चलाने वालों पर यातायात पुलिस लेजर स्पीड गन और इंटरसेप्टर वाहनों के जरिए नजर रखेगी। नियम तोड़ने पर मौके पर ही ऑनलाइन चालान काटा जाएगा।
594 किलोमीटर लंबे मेरठ से प्रयागराज तक बने गंगा एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार के कारण लगातार सड़क हादसे सामने आ रहे हैं। खासकर शाहजहांपुर जिले से गुजरने वाले एक्सप्रेस-वे के करीब 44 किलोमीटर के हिस्से में पिछले सात महीनों के दौरान 40 से अधिक दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इन हादसों में करीब 20 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 50 से अधिक लोग घायल हुए हैं।लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने यूपीडा और यातायात विभाग की चिंता बढ़ा दी है। इसी को देखते हुए लखनऊ में हुई उच्चस्तरीय बैठक में एक्सप्रेस-वे पर वाहनों की गति सीमा कम करने और निगरानी व्यवस्था को सख्त बनाने पर सहमति बनी। अधिकारियों का मानना है कि सर्दियों में कोहरा बढ़ने के साथ तेज रफ्तार दुर्घटनाओं को और गंभीर बना सकती है।
183 किलोमीटर की रफ्तार से दौड़ रही थीं कारें
यातायात पुलिस की ओर से इंटरसेप्टर वाहनों और गति मापने वाले उपकरणों से की गई जांच में चौंकाने वाली जानकारी सामने आई। एक्सप्रेस-वे पर कुछ कारें निर्धारित सीमा से कहीं अधिक रफ्तार से दौड़ती मिलीं। जांच के दौरान एक कार की गति 183 किलोमीटर प्रति घंटा तक दर्ज की गई।तेज रफ्तार के अलावा वाहन चालकों को नींद आना, अचानक सड़क पर मवेशियों का पहुंच जाना और वाहन पर नियंत्रण खो देना भी हादसों की बड़ी वजह बन रहा है। सर्दियों में सुबह और रात के समय कोहरा छाने से दृश्यता कम हो जाती है। ऐसे में तेज रफ्तार से चलने वाले वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बढ़ जाता है।
यह भी पढ़ें: मदद के बहाने 25 लाख के जेवर चोरी, 2 दिन में घर का भरोसा लूट ले गईं 3 महिलाएं
हल्के वाहनों के लिए 80, भारी के लिए 60 की सीमा
नई व्यवस्था के तहत वाहनों की श्रेणी के हिसाब से गति सीमा तय की गई है।चार पहिया और हल्के वाहन: अधिकतम 80 किलोमीटर प्रति घंटा।भारी वाहन: अधिकतम 60 किलोमीटर प्रति घंटा।इससे पहले हल्के वाहनों के लिए अधिकतम गति सीमा 120 किलोमीटर प्रति घंटा थी। अब इसमें 40 किलोमीटर प्रति घंटा की कटौती की गई है। नई व्यवस्था का उद्देश्य वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करके सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है।
सप्ताह में चार दिन होगी औचक जांच, कटेंगे
गति सीमा का पालन कराने के लिए यातायात पुलिस की विशेष टीमें बनाई जाएंगी। ये टीमें सप्ताह में चार दिन गंगा एक्सप्रेस-वे पर औचक जांच करेंगी। जांच के दौरान स्पीड लेजर गन और इंटरसेप्टर वाहनों का इस्तेमाल किया जाएगा।पुलिस की टीमें एक्सप्रेस-वे पर निर्धारित समय तक रुककर गुजरने वाले वाहनों की गति मापेंगी। तय सीमा से अधिक रफ्तार में वाहन चलाते पकड़े जाने पर तत्काल ऑनलाइन चालान किया जाएगा। इसके लिए यातायात विभाग की ओर से ड्यूटी का कार्यक्रम तैयार किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: चुनावी मोड में पूर्व CM मायावती, 6 दिसंबर को लखनऊ में शक्ति प्रदर्शन
कोहरे में भी बढ़ेंगे सुरक्षा के इंतजाम
सर्दियों के मौसम में गंगा एक्सप्रेस-वे पर कोहरे और कम दृश्यता से निपटने के लिए भी सुरक्षा इंतजाम मजबूत किए जा रहे हैं। वाहन चालकों को गति सीमा का पालन करने और सावधानी से वाहन चलाने के निर्देश दिए जाएंगे। एक्सप्रेस-वे पर सुरक्षा दलों की सक्रियता बढ़ाने और दुर्घटना की स्थिति में तत्काल सहायता पहुंचाने पर भी जोर दिया जा रहा है।
गंगा एक्सप्रेस-वे पर गति सीमा कम करने का फैसला ऐसे समय में आया है, जब लगातार सड़क हादसों में लोगों की जान जा रही है। प्रशासन की कोशिश है कि तेज रफ्तार पर नियंत्रण लगाकर दुर्घटनाओं को रोका जाए। अब वाहन चालकों को एक्सप्रेस-वे पर सफर के दौरान नई गति सीमा का विशेष ध्यान रखना होगा, क्योंकि नियमों की अनदेखी करने पर चालान की कार्रवाई की जाएगी।
