उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के हल्दौनी गांव में 6 साल की बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस शनिवार दोपहर आरोपी को घटना को समझने और क्राइम सीन रिक्रिएट करने के लिए लेकर गई थी। इसी दौरान पुलिस के मुताबिक आरोपी ने एक पिस्तौल से पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, बच्ची शुक्रवार दोपहर अचानक लापता हो गई थी। तलाश के दौरान शनिवार सुबह उसका शव गांव के तालाब के पास मिला। पुलिस ने मामले में दो संदिग्धों की पहचान की थी। मुख्य आरोपी की उम्र करीब 40 साल बताई गई है। पुलिस को आशंका है कि बच्ची को अगवा करने के बाद दूसरे संदिग्ध के घर में उसके साथ यौन अपराध किया गया। पुलिस बच्ची के एक रिश्तेदार की भूमिका की भी जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: पुलिस कस्टडी में था अपराधी, खिड़की तोड़कर हुआ फरार, 35 मुकदमें हैं दर्ज
तालाब के पास मिला बच्ची का शव
बच्ची का शव शनिवार सुबह गांव के तालाब के पास एक इलाके से बरामद किया गया। इसकी जानकारी मिलेत ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। नाराज लोगों ने गांव की मुख्य सड़क पर प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। बच्ची का परिवार गांव में मिठाई की दुकान चलाता है। परिजन ने शुक्रवार रात ईकोटेक-3 थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर बच्ची की तलाश के लिए पांच टीमें गठित कीं। पुलिसने आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया, जिसके बाद बच्ची का शव बरामद हुआ।
CCTV से मिला सुराग
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर मुख्य संदिग्ध की पहचान की गई। शनिवार दोपहर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने अपराध में इस्तेमाल पिस्तौल को डी-पार्क पुलिस चौकी के पास झाड़ियों में छिपाने की जानकारी दी।
यह भी पढ़ें: 'मैं लूजर हूं...', AMU के छात्र ने लगाई फांसी, सुसाइड नोट रुला देगा
पुलिस के मुताबिक, आरोपी को हथियार बरामद करने के लिए वहां ले जाया गया। इसी दौरान उसने पुलिसकर्मियों को धक्का दिया और छिपाई गई पिस्तौल से फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी में एक पुलिसकर्मी घायल हुआ। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी घायल हो गया। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घायल आरोपी और पुलिसकर्मी को अस्पताल पुहंचाया। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने आरोपी को मृत घोषित कर दिया। घायल पुलिसकर्मी का इलाज जारी है।
बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इसके लिए डॉक्टरों का पैनल गठित किया गया है और पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। मामले में BNS की धारा 65 और 103 के साथ POCSO एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। इस बीच सोशल मीडिया पर एक CCTV वीडियो भी सामने आया है। इसमें कथित तौर पर बच्ची के पीछे एक व्यक्ति जाता और बाद में पीठ पर बोरी लेकर लौटता दिखाई दे रहा है। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
