गुजरात एटीएस और भारतीय तटरक्षक बल को बड़ी सफलता मिली है। ब्राजील से आई 1000 करोड़ रुपये की कोकीन की खेप को मुंद्रा पोर्ट के पास पकड़ गया है। तंजानिया मूल के दो नागरिकों समेत चार को हिरासत में लिया गया है। गुजरात पुलिस के मुताबिक यह खेप दिल्ली पहुंचाई जाने थी। ब्राजील, लैटिन अमेरिकी देश, मैक्सिको, अमेरिका और पाकिस्तान के रास्ते नशे से लदा जहाज गुजरात तट पर पहुंचा था।
गुजरात एटीएस ने बताया कि छह बैग में करीब 150 किलो कोकीन थी। हालांकि पांच बैग में 118.977 किलो ही मिली है। छठा बैग समुद्र से बरामद नहीं हुआ है। पुलिस के मुताबिक 26 मई की सुबह मुंद्रा पोर्ट के नजदीक लंगगाह क्षेत्र में इस खेप को एक मछली पकड़ने वाली नाव में लोड करना था। इसके बाद इसे आगे दिल्ली में रहने वाले केल्विन चुकुमा और बायरुहंगा जेम्स तक पहुंचाना था।
यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र में मंदिरों से छिन जाएगी जमीन! वक्फ पर चुप कानून, हिंदू कर रहे विरोध
मछली पकड़ने वाली नाव में लोड करनी थी खेप
गुजरात एटीएस के पुलिस निरीक्षक जेएम पटेल ने बताया कि मालवाहक जहाज 'यूरोप' के चालक दल के सदस्य निंगिटे नासोरो जुमने और जुमा नासिर उमर के बारे में सटीक जानकारी मिली कि दोनों ने छह बैगों में लगभग 150 किलो कोकीन छिपा रखी है। 26 मई की सुबह इस खेप को मुंद्रा पोर्ट के नजदीक बाहरी लंगरगाह क्षेत्र में एक मछली पकड़ने वाली नाव तक पहुंचाना था। आगे इसे दिल्ली भेजना था।
उन्होंने आगे बताया कि जहाज के डेक एरिया में दो व्यक्तियों की संदिग्ध हरकत देखी गई। तटरक्षक बलों की नाव को देखने के बाद दोनों ने समु्द्र में कई बैग फेंक दिए। हालांकि पानी में तैर रहे पांच बैगों को बरामद कर लिया गया। जांच में इनमें कोकीन होने की पुष्टि हुई। पांच बैग में कुल 115 पैकेट मिले हैं। इनका कुल वजन 118.977 ग्राम है। इन पैकेट में चार एप्पल एयरटैग भी मिले हैं।
पिछले साल से तस्करी कर रहा नासिर
पूछताछ में जुमा नासिर उमर ने बताया कि वह नशे की यह खेप ब्राजील से लाया था। चालक दल के अन्य सदस्यों को बताए बिना नासिर मोटर रूप में चुपचाप तरीके से नशे के बैग रखता था। आरोपी नशे की तस्करी में नवंबर 2025 से लगा था। पुलिस ने बताया कि एक अन्य आरोपी नगिंगाइट नासोरो जुमने समुद्र में कूद गया है। उसका पता लगाया जा रहा है।
दिल्ली में नाइजीरिया और युगांडा के नागरिक गिरफ्तार
आरोपी जुमा नासिर उमर को गिरफ्तार कर लिया गया है। तलाशी में स्टीयरिंग गियर रूम में दो गार्मिन कंपनी के 'जीपीएसएमएपी 67आई जीपीएस और सैटेलाइट कम्युनिकेटर' उपकरण मिले है। उधर दिल्ली पुलिस की सहायता से केल्विन चुकवुमा और बायरुहंगा को दिल्ली के द्वारका से पकड़ा गया है। जहाज में पकड़े गए दोनों आरोपी तंजानिया रहने वाले हैं। वहीं दिल्ली में पकड़ा गया एक नागरिक नाइजीरिया और दूसरा युगांडा का है।
यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र में मंदिरों से छिन जाएगी जमीन! वक्फ पर चुप कानून, हिंदू कर रहे विरोध
ब्राजील से कराची के रास्ते गुजरात पहुंचा जहाज
डीजीपी डॉ. केएलएन राव ने बताया कि मुंद्रा पोर्ट के बाहरी लंगरगाह पर एक जहाज को रोका गया। छह बैग में करीब 118 किलोग्राम कोकीन मिली। दो विदेशी नागरिक जहाज पर सवार थे। इनमें एक तंजानिया और दूसरा युगांडा का नागरिक है। नशे की यह खेप दिल्ली में डिलीवर होनी थी। यह एटीएस और भारतीय तट रक्षक का एक ज्वाइंट ऑपरेशन था। तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। उनके पास से एक उच्च संचार उपग्रह फोन और एक एप्पल टैग मिला है। इसे जब्त कर लिया गया है। उससे भी हमें जानकारी मिलेगी। जहाज ब्राजील, लैटिन अमेरिकी देशों, मैक्सिको, अमेरिका और कराची को पार करते हुए यहां पहुंचा है।
डिप्टी सीएम ने अधिकारियों को दी बधाई
गुजरात के डिप्टी सीएम हर्ष सांघवी ने भी एक्स पर लिखा, '1000 करोड़ रुपये की 115 किलो कोकीन का भंडाफोड़। गुजरात एटीएस, भारतीय तट रक्षक और कच्छ एसओजी एक होकर कड़ी मेहनत करने में जुटे हैं। गुजरात ड्रग्स का प्रवेश द्वार नहीं बनेगा। ऑपरेशन में शामिल हर अधिकारी को बधाई।'
