गुजरात के अरावली जिले में एक पुलिसकर्मी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक महिला हेड कांस्टेबल ने अपने भाई और दो अन्य लोगों के साथ मिलकर असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (ASI) की हत्या कर दी। इसके बाद पहचान छिपाने और सबूत मिटाने के लिए शव को उसी की कार में रखकर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।

 

रिपोर्ट्स के अनुसार, इस घटना की जानकारी मिले के बाद पुलिस ने इस मामले में महिला हेड कांस्टेबल समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, हत्या की वजह दोनों के बीच प्रेम संबंधों में आई कड़वाहट थी। महिला इस रिश्ते को खत्म करना चाहती थी, जबकि ASI उस पर संबंध जारी रखने का दबाव बना रहा था।

 

यह भी पढ़ें: आंध्र और ओडिशा की ओर बढ़ा चक्रवात अक्वान, 110 KM रफ्तार, कई जिलों में रेड अलर्ट

जली कार में मिला था कंकाल

मृतक की पहचान 45 साल के अश्विनभाई तबियाद के रूप में हुई है। वह साबरकांठा जिले के चिथोडा पुलिस स्टेशन में ASI के पद पर तैनात थे। 8 नवंबर की रात करीब 10:15 बजे वह अपनी मारुति अर्टिगा कार से ड्यूटी के लिए निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। 10 नवंबर को अरावली जिले के भिलोडा इलाके में हथमती नदी के पास उनकी कार पूरी तरह जली हुई मिली। 

इसके अंदर एक इंसानी कंकाल बरामद हुआ। शुरुआत में पुलिस ने इसे हादसा मानकर जांच शुरू की थी। हालांकि, परिवार ने शव के अश्विन का होने की आशंका जताई। बाद में पुलिस को कंकाल के पास मिली अंगूठी से उनकी पहचान करने में मदद मिली।

हेड कांस्टेबल के साथ था प्रेम संबंध

पुलिस जांच में पता चला कि अश्विन का उसी थाने में तैनात 37 साल की महिला हेड कांस्टेबल अल्फा कलसवा के साथ प्रेम संबंध था। दोनों एक ही पुलिस स्टेशन में काम करते थे। पुलिस के मुताबिक, अल्फा इस रिश्ते को खत्म करना चाहती थी, लेकिन अश्विन इसके लिए तैयार नहीं थे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। आरोप है कि 8 नवंबर की रात अल्फा ने अश्विन को अपने चिथोडा स्थित किराए के घर बुलाया। अश्विन वहां पहुंचे और रात में वहीं रुक गए। पुलिस का दावा है कि इसी दौरान अल्फा ने उनकी हत्या कर दी।

कार में शव को जलाया

हत्या के बाद अल्फा ने अपने भाई कल्पेश कलसवा को बुलाया। कल्पेश अपने चचेरे भाई पंकज के साथ घर पहुंचा। तीनों ने अश्विन के शव को बोरे में भरकर घर में छिपा दिया। इसके बाद पंकज ने अश्विन की अर्टिगा कार को कनादार गांव के पास सुनसान जगह पर खड़ा कर दिया। रात में कल्पेश ने अपने दोस्त मनोज निनामा को भी बुलाया। चारों ने मिलकर शव को कार तक पहुंचाया। इसके बाद शव को अर्टिगा में रखकर हथमती नदी के पास ले जाया गया। वहां पेट्रोल डालकर कार में आग लगा दी गई। इस दौरान आग की लपटों से अल्फा के चेहरे, हाथ और शरीर के कुछ हिस्सों में जलने के निशान भी आए। उसने इलाज भी कराया।

 

यह भी पढ़ें: एक परिवार दो टिकटों पर विवाद जारी, पंजाब कांग्रेस के झगड़े की पूरी कहानी समझिए

कैसे पकड़े गए चारों आरोपी?

पुलिस ने अरावली और साबरकांठा जिलों के CCTV फुटेज, तकनीकी जांच और मुखबिरों की मदद से मामले की कड़ियां जोड़ीं। जांच में पता चला कि आरोपियों ने विजय नगर के एक पेट्रोल पंप से कैन में पेट्रोल खरीदा था। पुलिस ने पेट्रोल खरीदने और आरोपियों की आवाजाही के फुटेज भी जुटाए। इसके बाद मुख्य आरोपी अल्फा, उसके भाई कल्पेश, चचेरे भाई पंकज और दोस्त मनोज को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल मारुति ईको कार भी जब्त की है। अश्विन के कंकाल और उनके पिता के DNA सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।