मध्य प्रदेश के ग्वालियर में कांग्रेस के एक नेता जहर खाकर एसपी ऑफिस पहुंच गए। वहां उन्हें उल्टियां आने लगीं, जिसके बाद तुरंत पुलिसकर्मी शख्स को अस्पताल ले गए। मेडिकल चेकअप के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की जेब से पुलिस को सुसाइड नोट मिला है। नोट में 9 लोगों का नाम था, जिन पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान राजेश राजपूत (48) के तौर पर हुई है। कांग्रेस के जिला महामंत्री रह चुके राजेश राजपूत प्रॉपर्टी का कारोबार करते थे। सुसाइड नोट पर जिन 9 लोगों के नाम है, उन पर आरोप है कि इन लोगों ने राजेश राजपूत पर ब्याज चुकाने का दबाव बनाया था।
यह भी पढ़ें: झारखंड: एक खत्म दूसरा शुरू, परीक्षा रद्द हुई तो नौकरी पाने वाले प्रदर्शन पर उतरे
9 लोगों पर लगाए आरोप
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राजेश ने सुसाइड नोट पर लिखा है कि उन्होंने इन 9 लोगों से उधार पैसे लिए थे। असल के मुकाबले कई गुना पैसा देने के बाद भी उनसे ब्याज मांगा जा रहा था। सूदखोर उन्हें सबके सामने गालियां देते थे। मौत की खबर मिलते ही राजेश के परिजन अस्पताल पहुंचे। परिवार के लोगों ने भी पुलिस को बताया कि ब्याज पर पैसे देने वाले लोग आए दिन उन्हें धमकी देते थे। वह मारपीट पर उतारू हो जाते थे। इससे परेशान होकर उन्होंने यह कदम उठाया।
पुलिस ने क्या बताया?
इस मामले में CSP रॉबिन जैन ने बताया कि राजेश नाम का एक युवक कुछ खाकर SP ऑफिस आया था। अंदर आने पर उसने वहां मौजूद पुलिसकर्मियों को बताया कि उसने जहर खा लिया है और यह जहर उसने 15 मिनट पहले ही खाया था। उसे वहीं उल्टी होने लगी और पुलिस तुरंत उसे अस्पताल ले गई। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई, इसलिए पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और जांच कर रही है।
उन्होंने बताया कि पुलिस इस मामले में जांच कर रही है कि उसने जहर क्यों खाया, कहां खाया, किन हालात में खाया और इसकी वजह क्या थी। इस मामले में जो भी जरूरी कार्रवाई होगी, वह की जाएगी। पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला है जिसकी हम जांच कर रहे हैं... सुसाइड नोट को पहली नजर में देखने पर लगता है कि कोई पैसों का विवाद था। शख्स ने किसी से पैसे उधार लिए थे और उसमें कई लोगों के नाम लिखे हैं। हम इसकी अलग से पुष्टि करेंगे और आगे जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई करेंगे।
