उत्तर प्रदेश के जिला हमीरपुर में बिजली विभाग के कार्यालय में शुक्रवार को उस समय हंगामा मच गया, जब एक महिला कर्मचारी ने अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) के केबिन में पहुंचकर उनकी पिटाई कर दी। महिला ने अधिकारी पर लंबे समय से परेशान करने, फोन करके कमरे का पता पूछने, हाथ पकड़कर खींचने और घर पर चाय पिलाने के लिए कहने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
विवाद इतना बढ़ गया कि महिला ने एक्सईएन को एक के बाद एक करीब पांच थप्पड़ जड़ दिए। घटना के दौरान विभाग के अन्य कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए और अधिकारी के व्यवहार पर नाराजगी जताई। मामला पुलिस तक पहुंच गया है और शिकायत के आधार पर जांच शुरू की गई है।
मामला विद्युत परीक्षण खंड से जुड़ा है, जहां मनोज कुमार विश्वकर्मा अधिशासी अभियंता के पद पर तैनात हैं। वहीं महिला कर्मचारी विभाग में कार्यकारी सहायक के पद पर काम करती है। महिला का आरोप है कि एक्सईएन काफी समय से उसे परेशान कर रहे थे। वह उसे गलत नजर से देखते थे, फोन करके कमरे का पता पूछते थे और बिना किसी जरूरी काम के अपने केबिन में बुलाकर निजी बातें करते थे। महिला का कहना है कि पति की मौत के बाद वह किराये के कमरे में अकेले रहती है, इसके बावजूद अधिकारी उसे घर बुलाने की बातें करते थे।
घर पर चाय पिलाने की बात पर भड़की महिला
महिला कर्मचारी के मुताबिक शुक्रवार को एक्सईएन ने उसे अपने केबिन में बुलाया। बातचीत के दौरान उन्होंने कथित तौर पर पूछा कि घर पर चाय पीने के लिए कब बुला रही हो? महिला ने जवाब दिया कि चाय पीनी है तो कार्यालय में ही मंगा देती हूं, घर पर नहीं बुलाऊंगी। आरोप है कि इसके बाद एक्सईएन ने उसका हाथ पकड़कर अपनी तरफ खींच लिया।
इसी बात से महिला भड़क गई और उसने अधिकारी को थप्पड़ मारने शुरू कर दिए। महिला ने विरोध करते हुए सवाल उठाया कि आखिर किस अधिकार से उसका हाथ पकड़ा जा रहा है और उसे घर पर चाय पीने के लिए बुलाया जा रहा है? केबिन के भीतर हुए विवाद के दौरान आवाजें सुनकर दूसरे कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते कार्यालय में हंगामे की स्थिति बन गई।
यह भी पढ़ें: मुंहबोले मामा की हैवानियत, नाबालिग से दुष्कर्म; मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
पहले भी फोन कर केबिन में बुलाने का आरोप
महिला कर्मचारी का आरोप है कि एक्सईएन पहले भी फोन करके उसे अपने केबिन में बुलाते थे और काम से अलग निजी बातें करते थे। वह हाथ की लकीरें देखकर कथित तौर पर कहते थे कि उसकी रेखा बहुत लंबी है और कोई उसका साथ देगा। महिला का कहना है कि उसने पहले भी कार्यालय के अन्य कर्मचारियों को अपने साथ हो रहे व्यवहार के बारे में बताया था, लेकिन शुक्रवार को मामला उस समय बढ़ गया जब हाथ पकड़ने और घर पर चाय पीने के लिए बुलाने की बात सामने आई।
महिला अपने साथ हो रहे व्यवहार को लेकर नाराज थी। साथी कर्मचारियों के साथ एक्सईएन के केबिन में पहुंचकर उसने हाथ पकड़ने को लेकर सवाल किया। इसी दौरान कहासुनी बढ़ी और महिला ने अधिकारी पर थप्पड़ बरसा दिए।
महिला के समर्थन में आए कर्मचारी, एक्सईएन को सुनाई खरी-खोटी
घटना के दौरान कार्यालय में मौजूद दूसरे कर्मचारी भी महिला के समर्थन में आ गए। उन्होंने एक्सईएन के व्यवहार पर नाराजगी जताई और सवाल उठाए। मौके पर मौजूद एक कर्मचारी ने महिला की उम्र और उसके साथ किए जा रहे व्यवहार को लेकर अधिकारी को फटकार लगाई।
कर्मचारी एक्सईएन को खरी-खोटी सुनाते रहे, जबकि वह अपनी सफाई देने की कोशिश करते रहे। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महिला और एक्सईएन के बीच तीखी बहस दिखाई दे रही है। वीडियो में महिला अधिकारी पर नाराजगी जताते हुए थप्पड़ मारती नजर आती है। इस घटना के बाद बिजली विभाग में मामला चर्चा का विषय बन गया।
समझौते के दबाव का आरोप, सुरक्षा मांगने पहुंची पुलिस के पास
महिला कर्मचारी ने आरोप लगाया कि घटना के बाद उस पर समझौता करने का दबाव बनाया जा रहा है। उसका कहना है कि मीटर के एई रॉबी गौतम भी उसे बार-बार फोन कर रहे हैं। महिला ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उसका कहना है कि वह किराये के कमरे में अकेले रहती है और घटना के बाद उसे डर है कि आरोपी उसके कमरे तक पहुंचकर कोई अनहोनी कर सकता है।
महिला ने पुलिस से शिकायत कर सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है। विभाग के अन्य कर्मचारी भी उसके समर्थन में सामने आए और मामले में कार्रवाई की मांग उठाई। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: बहाल हुए IPS जसवीर सिंह, 2019 में पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाने पर हुए थे सस्पेंड
एक्सईएन ने आरोपों को नकारा
दूसरी ओर अधिशासी अभियंता मनोज कुमार विश्वकर्मा ने महिला के आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि उन्होंने महिला के साथ कोई अभद्रता नहीं की और उसे केवल काम के सिलसिले में अपने केबिन में बुलाया था। एक्सईएन ने आरोप लगाया कि महिला ने उनके साथ मारपीट की और घटना का वीडियो बनाया।
उन्होंने अपने साथ गलत होने और अपमानित किए जाने की बात कही है। फिलहाल मामले में महिला के आरोप, एक्सईएन की सफाई और कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों के बयान अहम होंगे। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
