हरियाणा सरकार CET (कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट) पास उन युवाओं को मानदेय देने की तैयारी है, जिन्हें दो साल तक रोजगार नहीं मिलेगा। हरियाणा सरकार ऐसे युवाओं को 100 घंटे का काम देगी और सक्षम युवा योजना के तहत उन्हें मानदेय दिया जाएगा। सर्वे में प्रदेश में 5 लाख 40 हजार 428 CET पास युवा मिले हैं। मुख्यमंत्री नायह सिंह सैनी ने बताया कि केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री विकसित भारत योजना के तहत हरियाणा को टॉप टेन में स्थान हासिल हुआ है। इसके तहत 51000 युवाओं को रोजगार के अवसर दिलाए गए हैं।
इन सभी युवाओं को 1 नवंबर यानी हरियाणा दिवस पर योजना का लाभ देने की तैयारी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यह घोषणा बुधवार को विकसित भारत विजन 2047 के तहत रोजगार, स्किल डिवलेपमेंट एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग एवं हरियाणा स्किल डिवलेपमेंट मिशन की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा है कि इस योजना को एक नवंबर से लागू करना है।
यह भी पढ़ें: 'बीमारी से बचना है तो सिर मुंडवाओ, 15 हजार मिलेंगे', महिलाओं से हो गई धोखाधड़ी
फतेहबाद में बनेगा विश्वविद्यालय का रीजनल सेंटर
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा को वैश्विक शिक्षा और कौशल विकास केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए फतेहाबाद में श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय का रीजनल सेंटर बनाया जाएगा जो सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में काम करेगा। उन्होंने बताया कि पंचकूला और गुरुग्राम में एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) हब बनाए जा रहे हैं। युवाओं को एआई की जानकारी देने के साथ ही 2 लाख युवाओं को हार्ड स्किल प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने ने कहा कि प्रदेश की सभी आईटीआईज का नवीनीकरण किया जाएगा।
कुरुक्षेत्र के उमरी गांव में स्किल फैकल्टी ट्रेनिंग के लिए राज्य स्तरीय आर्ट कल्चर सेंटर और फतेहाबाद, सुल्तानपुर व अन्तेड़ी में विकास केंद्र बनाए जाएंगे। उन्होंने आईटीआई और स्किल डेवलपमेंट से जुड़ा एआई पोर्टल तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि युवाओं और प्रशिक्षण से जुड़ी जानकारी का बेहतर उपयोग किया जा सके। योजनाओं की हर तीन महीने में समीक्षा की जाएगी।
यह भी पढ़ें: विदेश में रहते हैं, रिसर्च के लिए लौटना चाहते हैं देश? PMRC स्कीम आपके लिए है
चीन में मेडल लाने वाले युवाओं को मिलेंगे दस लाख रुपये
बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्व स्तरीय स्किल प्रतियोगिता में राज्य के 5 युवाओं का चयन किया गया है। चीन में आयोजित इस प्रतियोगिता में मेडल लाने वाले युवाओं को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता एवं जॉब सुनिश्चित की जाएगी।
