हरियाणा के सिरसा जिले के डबवाली में एक परिवार अपने पालतू डॉगी जेरी के लापता होने से परेशान है। करीब साढ़े तीन साल से परिवार के साथ रह रहा पग नस्ल का जेरी 18 सितंबर को अचानक लापता हो गया। परिवार ने उसकी तलाश के लिए 25 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है। परिवार को जेरी के लापता होने से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज भी मिला है। इसमें दो लोग उसे इलेक्ट्रिक स्कूटी पर रेलवे स्टेशन की तरफ ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं।
जेरी डबवाली में गोली चौक के पास रहने वाले राजीव बंसल और उनके परिवार का पालतू डॉगी है। राजीव बंसल मैरिज पैलेस चलाते हैं और रिगल फूड नाम से रेस्टोरेंट भी चलाते हैं। जेरी के परिवार वाले हर साल उसका जन्मदिन मनाया करते है। परिवार अब पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की तैयारी कर रहा है और जेरी की तलाश में जुटा है।
यह भी पढ़ें: पटना में 3000 करोड़ के हवाला नेटवर्क का पर्दाफाश, 30 लाख कैश के साथ 3 पकड़े गए
18 सितंबर को लापता हुआ जेरी
जानकारी के अनुसार, जेरी 18 सितंबर को लापता हुआ था। परिवार को बाद में एक सीसीटीवी फुटेज मिली जिसमें दो लोग जेरी को अपने साथ ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। परिवार के अनुसार, दोनों लोग जेरी को डबवाली रेलवे स्टेशन की ओर ले जाते नजर आ रहे हैं। फुटेज सामने आने के बाद परिवार को उम्मीद है कि इससे जेरी को ढूंढने में मदद मिल सकती है।
राजीव बंसल ने बताया कि जेरी करीब साढ़े तीन साल पहले उनके घर आया था। वह उसे अपने दोस्त हरराज सिंह से लेकर आए थे। जेरी को 22 फरवरी 2023 को घर लाया गया था। इसके बाद परिवार हर साल 22 फरवरी को जेरी का जन्मदिन मनाता है। जेरी के पिछले जन्मदिन पर भी परिवार ने बच्चों के साथ उसका केक काटकर जन्मदिन मनाया था। परिवार के लोगों के लिए वह सिर्फ एक पालतू डॉगी नहीं बल्कि घर का हिस्सा बन चुका है।
यह भी पढ़ें: पटना में सिपाही ने पहले बहन को मारी गोली, फिर खुद को भी उड़ाया, कमरे में मिले शव
परिवार ने रखा 25 हजार का इनाम
जेरी पग नस्ल का डॉगी है और परिवार के अनुसार उसका स्वभाव काफी शांत है। वह ज्यादा भौंकता भी नहीं है। राजीव बंसल के अनुसार, 18 सितंबर की शाम दो लोग इलेक्ट्रिक स्कूटी पर जेरी को ले जाते हुए सीसीटीवी में दिखाई दे रहे हैं। परिवार अब पुलिस में शिकायत देकर इस मामले की जांच कराने की तैयारी कर रहा है।
परिवार ने लोगों से भी जेरी की तलाश में मदद करने की अपील की है। परिवार का कहना कि अगर किसी व्यक्ति को जेरी दिखाई देता है या उसके बारे में कोई सही जानकारी मिलती है तो वह उनसे संपर्क कर सकता है। परिवार ने साफ किया है कि जेरी को ढूंढकर वापस लाने वाले या उसके बारे में सही जानकारी देने वाले व्यक्ति को 25 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा।
