उत्तर प्रदेश के शामली जिले में हरियाणवी सिंगर, यूट्यूबर और पूर्व खिलाड़ी अंकित बालियान की जिम के बाहर हुई हत्या के मामले में दो कथित शूटरों के एनकाउंटर के बाद अब मामला राजनीतिक बहस में भी आ गया है ।समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने एनकाउंटर पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। इसके जवाब में अंकित की पत्नी स्वाति ने तीखा पलटवार करते हुए पूछा कि अगर किसी राजनेता के परिवार के बच्चे के साथ ऐसी घटना होती, तो क्या तब भी वह एनकाउंटर पर सवाल उठाते?
अंकित की पत्नी स्वाति ने कहा, 'मैं सांसद जी से सीधा सवाल करती हूं कि अगर उनके घर का बच्चा सड़क पर जाए और उनके साथ ऐसा हो जाए तो वह क्या करेंगे।' उन्होंने आगे कहा कि अगर किसी नेता के परिवार के बच्चे को इसी तरह गोली मार दी जाए तो क्या वह चुप बैठेंगे? क्या एनकाउंटर पर सवाल उठाएंगे या फिर पूरे पुलिस-प्रशासन को अपराधियों के पीछे लगा देंगे? उन्होंने कहा कि अगर किसी राजनेता के बच्चे के साथ कुछ होता है तो उसे गंभीरता से लिया जाता है, लेकिन क्या आम आदमी का बच्चा बच्चा नहीं है?
यह भी पढ़ें: SIR की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में नाम आया या नहीं? दिल्ली वाले ऐसे करें चेक
स्वाति ने क्या कहा?
स्वाति ने एनकाउंटर में मारे गए दोनों आरोपियों को लेकर भी सवाल उठाने वालों को जवाब दिया। उनका कहना था कि जिन लोगों को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया, वे उनके परिवार और समाज के लिए खतरा थे। उन्होंने कहा कि ऐसे असामाजिक तत्व सिर्फ उनके परिवार के लिए नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए खतरा हैं।
अंकित की पत्नी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताते हुए कहा कि सरकार ने मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से अपील की कि अब जब कार्रवाई शुरू हो चुकी है तो इसे अंत तक पहुंचाया जाए और पूरे गैंग को जड़ से खत्म किया जाए। स्वाति का कहना है कि परिवार को मुख्यमंत्री से बहुत उम्मीदें हैं।
इस मामले में अब तक क्या-क्या हुआ?
दरअसल, अंकित बालियान की 26 अगस्त को शामली में जिम से निकलते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस के मुताबिक चार हमलावरों ने उन पर फायरिंग की थी। हत्या के बाद पुलिस ने CCTV, सर्विलांस और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस की जांच में सामने आया है कि वारदात से पहले अंकित की रेकी की गई थी।
पुलिस के मुताबिक एनकाउंटर में मारे गए मोहित और सुमित 20 और 21 अगस्त को शामली में रुके थे और सूर्या होटल में ठहरे थे। होटल की CCTV फुटेज से पुलिस को उनकी गतिविधियों के बारे में अहम सुराग मिला। जांच में अब तक चार शूटर्स के अलावा दो अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आने की बात कही गई है।
यह भी पढ़ें: राम मंदिर में दिया 4 करोड़ का चेक, खाते में थे सिर्फ 3 रुपये
पांच दिन बाद एक्शन
31 अगस्त की सुबह शामली में पुलिस और दो संदिग्धों के बीच एनकाउंटर हुआ। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल हो गए। अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। मारे गए आरोपियों की पहचान सुमित और मोहित के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि दोनों अंकित हत्याकांड में शामिल शूटर थे और उन पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
