क्रिकेटर शशांक सिंह के खिलाफ एक एफआईआर दर्ज की गई है। खुद को शशांक सिंह के घर का कुक बताने वाले एक शख्स ने मध्य प्रदेश के रीवा में शिकायत दर्ज कराई है कि शशांक और उनके पिता ने उसके साथ मारपीट की। अब इस पर शशांक सिंह ने जवाब दिया है कि वह खुद को कुक कहता जरूर था लेकिन उसे खाना बनाना ही नहीं आता है। शशांक सिंह ने मारपीट की बात से इनकार किया है और कहा कि वह शख्स उनके घर में सिर्फ वीडियो बनाता रहता था। उन्होंने शक जताया है कि शायद वह चोरी के इरादे से उनके घर आया था लेकिन अभी तक गनीमत है कि किसी भी चीज के चोरी होने की बात सामने नहीं आई है।
इस केस में शशांक सिंह के अलावा उनके पिता शैलेश सिंह और उनके ड्राइवर यानी कुल तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। पुलिस ने बताया है कि पीड़ित का मेडिकल करवाया गया है और उसी की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया है कि प्राथमिक तौर पर ऐसा नहीं लग रहा है कि कोई गंभीर मारपीट की गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, पीड़ित विपेंद्र सिंह ने बताया है कि भोपाल में शशांक सिंह के घर पर उनसे मारपीट की गई और गालीगलौज की गई।
यह भी पढ़ें: 'मुझे लात-घूंसों से पीटा', क्रिकेटर शशांक सिंह के कुक ने लगाए गंभीर आरोप
पीड़ित विपेंद्र तोमर ने अपनी शिकायत में कहा है, 'मुझे 15,000 रुपये की सैलरी और खाने-पीने की सुविधा के साथ नौकरी पर रखा गया था। मुझे न सिर्फ ज्यादा काम करने के लिए मजबूर किया जाता था बल्कि काम में कमी निकालकर उनके साथ बुरा व्यवहार भी किया जाता था। एक बार शैलेश सिंह ने मेरा फोन भी छीन लिया था। मैंने 28 जून को शैलेश सिंह से अपना फोन मांगा लेकिन उन्होंने मुझे फोन नहीं दिया। इससे दुखी होकर मैं अपने कमरे में चला गया।'
कुक के आरोपों पर क्या बोले शशांक सिंह?
भोपाल में मीडिया से बातचीत में शशांक सिंह ने कहा, 'हमने बंधक नहीं बनाया। कोई दो दिन के लिए आता है तो आप क्या उसे बंधक बनाओगे? हां, यह बात सच है कि वह खुद को बावर्ची बोलकर आया था लेकिन वह खाना बनाना बिल्कुल नहीं आता था। वह सिर्फ फोटो-वीडियो निकाल रहा था, मेरे रूम में जा रहा था। भाई अगर आप बावर्ची हो तो आपको किसी के रूम में क्यों जाना था। मुझे शक है कि वह चोरी के इरादे से आया था लेकिन हम खुशनसीब हैं कि अभी तक कुछ गायब नहीं हुआ है। हां, एक चांदी के गणेपति जी नहीं मिल रहे हैं।'
उन्होंने मारपीट की बात से इनकार करते हुए कहा, 'हमने उसे कमरे के अंदर उसे बंद नहीं किया। कोई मोबाइल नहीं छीना। हां, उसके फोन में कुछ फोटो-वीडियो थे तो मम्मी ने वे जरूर डिलीट कराए क्योंकि वे बेहद प्राइवेट थे। हम उसका मोबाइल क्यों छीनेंगे। हमारे पास भी उसका एक वीडियो है, जिसमें देख सकते हैं कि उसके पास मोबाइल है। हमसे पुलिस ने कोई संपर्क नहीं किया। मेरी सिस्टर ने बोला था कि पुलिस को बताना चाहिए लेकिन मैंने ही छोड़ दिया लेकिन अब लगता है कि वही गलती हो गई। मुझे अनुमान नहीं था कि वह बाहर जाकर ऐसा करेगा।'
यह भी पढ़ें: केतन अग्रवाल हत्याकांड: जेल में बंद सिया, वकील ने भाई को क्यों भेजा नोटिस?
शशांक ने कहा है कि अब जब बाद में उसका बैकग्राउंड चेक करवाया गया तो पता चला है कि वह पहले भी गांजा पीता रहा है। उनका कहना है कि उनकी गलती है कि बैकग्राउंड चेक पहले नहीं करवाया। शशांक के मुताबिक, उनसे चूक हो गई है कि वह पहले पुलिस के पास नहीं गए।


