हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले के जवाहर नवोदय विद्यालय में 9वीं कक्षा के एक छात्र के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि 11वीं और 12वीं कक्षा में पढ़ने वाले सीनियर छात्रों ने उसे बेरहमी से पीटा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इसमें कुछ छात्र छोटे छात्र को लात-घूंसों से मारते दिखाई दे रहे हैं। आरोपियों ने पहले उसे बेड पर गिराया और फिर फर्श पर पटक दिया। इस दौरान वे उसे गालियां देते और धमकाते भी सुनाई दे रहे हैं। यह मामला किन्नौर के रेकॉन्ग पियो स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय का है। बताया जा रहा है कि मारपीट की घटना सितंबर में हुई थी, लेकिन इसका वीडियो 26 नवंबर को सामने आया।
घटना आने के बाद स्कूल प्रशासन ने 6 छात्रों को सस्पेंड कर दिया। वहीं जिला प्रशासन ने भी एक्शन लेते हुए स्कूल के प्रिंसिपल को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। प्रशासन ने स्कूल प्रबंधन के साथ-साथ घटना के समय ड्यूटी पर मौजूद शिक्षकों और हॉस्टल वार्डन की भूमिका की भी जांच शुरू कर दी है। न्यूज एजेंसी PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, किन्नौर की डिप्टी कमिश्नर सोनाक्षी तोमर ने बताया कि शिक्षा विभाग और बाल कल्याण समिति (CWC) की टीम ने स्कूल पहुंचकर शुरुआती जांच की है।
माता-पिता की होगी काउंसलिंग
मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। रिपोर्ट यह भी है कि मारपीट का शिकार हुए छात्र और उसके माता-पिता की काउंसलिंग भी कराई जा रही है। प्रशासन यह भी जांच कर रहा है कि स्कूल परिसर में छात्रों के पास मोबाइल फोन कैसे पहुंचे। इसके अलावा कुछ छात्रों के बिना अनुमति स्कूल परिसर से बाहर जाने की शिकायतें भी सामने आई हैं।
यह भी पढ़ें: बिहार: खगड़िया में टैंकर से चोरी हुआ 11,900 लीटर पेट्रोल, पुलिस ने किया बरामद
छात्र के साथ मारपीट की वजह की भी जांच
PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, सूत्रों ने बताया कि मारपीट से कुछ दिन पहले पीड़ित छात्र का किसी दूसरे छात्र के साथ झगड़ा हुआ था। हालांकि, इसी वजह से उसके साथ मारपीट की गई या इसके पीछे कोई दूसरी वजह थी, इसकी जांच की जा रही है। वीडियो में करीब 5 से 6 छात्र 9वीं के छात्र को मारते दिखाई दे रहे हैं। वे उसे बेड पर गिराने के बाद फर्श पर पटक देते हैं। इसके बाद भी उसके साथ मारपीट करते हैं।
यह भी पढ़ें: मोतिहारी: नेशनल हाइवे पर स्लीपर बस में भीषण आग, यात्रियों ने कूदकर बचाई जान
किन्नौर के पुलिस अधीक्षक सुशील शर्मा ने बताया कि मारपीट में शामिल छात्र नाबालिग हैं। इसलिए पुलिस फिलहाल जांच समिति की रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों और हॉस्टल वार्डन की जिम्मेदारी भी जांच के दायरे में है।
