तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद से एक चौंका देने वाली खबर सामने आई है। मंगलवार को संजीव रेड्डी (SR) नगर में एक OYO होटल के कमरे में 34 साल की एक महिला की लाश मिली। महिला जिस आदमी के साथ होटल में रुकी थी, वह स्टाफ से यह कहकर चला गया था कि वह नाश्ते के बाद चेक आउट करेगी। पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है। शक है कि दोनों के बीच देर रात हुए झगड़े के बाद जानलेवा हमला हुआ होगा।
बताया जा रहा है कि आरोपी ए श्रीनिवास सुबह करीब 3.30 बजे होटल से भाग गया था, पुलिस अभी उसे ढूंढ रही है। मृतका की पहचान बी सिरिशा के रूप में हुई है। महिला एक बैंक कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव और विकाराबाद जिले के नागासमुद्रम की रहने वाली थी। बताया जा रहा है कि सिरिशा तलाकशुदा थी और वह ओबुलापुर गांव के रहने वाले श्रीनिवास के साथ रिलेशनशिप में थी।
यह भी पढ़ें: 21 साल की बाद लिया बाप की हत्या का बदला, दो भाइयों ने हत्यारे को काट डाला
फेक आधार कार्ड का किया था इस्तेमाल
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस का कहना है कि श्रीनिवास 9 सितंबर से होटल में रुका हुआ था, जबकि सिरिशा 24 सितंबर को उसके कमरे में चेक इन किया था। दोनों ने कथित तौर पर चेक इन करते समय गलत नामों वाले नकली आधार कार्ड का इस्तेमाल किया। बताया जा रहा है कि श्रीनिवास ने कथित तौर पर गणेश और सिरिशा ने दुर्गा के तौर पर रजिस्टर कराया था।
मंगलवार को सुबह करीब 3.30 बजे, श्रीनिवास होटल से निकल गया और रिसेप्शन स्टाफ को बताया कि सिरिशा सुबह नाश्ते के बाद चली जाएंगी। जब होटल के कर्मचारियों ने बार-बार डोरबेल बजाई, तो उन्हें कोई जवाब नहीं मिला। दोपहर तक कोई जवाब नहीं मिलने पर होटल के कर्मचारियों ने पुलिस को बताया। पुलिस वालों की मौजूदगी में, कर्मचारियों ने डुप्लीकेट चाबी से कमरा खोला। बिस्तर पर उन्हें महिला की लाश मिली, जिसके पास खाने की प्लेट मिली।
पुलिस ने क्या बताया?
इस मामले में जुबली हिल्स के DCP ए रमना रेड्डी ने कहा कि हमें शक है कि रात में सिरिशा और श्रीनिवास के बीच बहस हुई थी और उसने उस पर किसी भारी चीज से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में आरोपी श्रीनिवास के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है।
कमरे की जांच की और मौके से फोरेंसिक सबूत इकट्ठा किए। इसके अलावा पुलिस ने जांच के हिस्से के तौर पर होटल से CCTV फुटेज भी हासिल की है। श्रीनिवास को खोजने के लिए स्पेशल टीमें बनाई गई हैं।
