उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारत समाज पार्टी (SBSP) के मुखिया ओम प्रकाश राजभर एक बार फिर अपने बयान की वजह से चर्चा में आ गए हैं। सोमवार को बांदा में एक कार्यक्रम में शामिल हुए ओम प्रकाश राजभर ने खुद को सबसे बड़ा गुंडा कहा। इतना ही नहीं, राजभर ने विधायक अभय सिंह, पूर्व सांसद धनंजय सिंह, बृजेश सिंह और मुख्तार अंसारी को अपना दरबारी बता दिया। रोचक बात है कि ओम प्रकाश राजभर ने ये बातें भागीदारी पार्टी के मंच से कहीं। उन्होंने भागीदारी पार्टी के समर्थकों से कहा कि अब वे किसी और का झंडा ना उठाएं और अपना ही झंडा लेकर चलें।
इसी रैली में ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी को आड़े हाथ लिया और कहा कि अभी तक सिर्फ यादव ही पुलिस में भर्ती होते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सपा-बसपा और कांग्रेस ने प्रजापति समाज की राजनीतिक भागीदारी के अधिकारों को लूटने काम किया है। उन्होंने यह भी कहा कि इस कार्यक्रम में आने से प्रजापति समाज के लोगों को रोका जा रहा है।
यह भी पढ़ें: 2 लाख रिश्वत मांगी, सप्लाई इंस्पेक्टर सस्पेंड; थाने में सड़ गया 95 क्विंटल चावल
क्या बोले ओम प्रकाश राजभर?
बांदा पहुंचे मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा, 'इतने एरिया में हम लोगों ने मीटिंग कर डाली और आज मैं पहली बार आया हूं आपके बांदा में। सुनता हूं कि यहां बहुत बड़ें गुंडा रहते हैं। हमसे बड़ा गुंडा ए देश में के ह। जिसके यहां मुख्तार अंसारी हों, बृजेश सिंह, धनंजय सिंह, अभय सिंह जैसे लोग दरबार करते हों तो बताओ हमसे बड़ा गुंडा कौन है? अगर कोई आपको आंख दिखाने की कोशिश करेगा तो उसकी दूसरी आंख निकालने की हैसियत ओम प्रकाश राजभर के पास है।'
उन्होंने आगे कहा, 'आप घबराओ मत। हम पहली बार बांदा आए हैं, भागीदारी पार्टी के कार्यक्रम में। इसके पहले मैं बांदा आया था लेकिन अपनी पार्टी के कार्यक्रम में। हम आपको इसलिए इकट्ठा कर रहे हैं क्योंकि हम चाहते हैं कि अपना झंडा, अपनी पार्टी हो। आज के बाद डरोगे तो नहीं ना? आज के बाद अगर कोई आपको मारे और कहे कि हमारा झंडा पकड़ो तो कह देना कि अब हमारा झंडा पकड़ो, हमने बहुत दिन तेरा झंडा ढोया है। सही रहेगा कि नहीं सही रहेगा?'
यह भी पढ़ें: अखिलेश यादव का पश्चिमी UP में बड़ा दांव, दो पूर्व मंत्री सपा में होंगे शामिल
क्या है भागीदारी पार्टी का समीकरण?
2022 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के गठबंधन का समर्थन करने वाली भागीदारी पार्टी अब भारतीय जनता पार्टी के साथ दिख रही है। कुछ दिनों पहले भागीदारी पार्टी के मुखिया प्रेमचंद्र प्रजापति ने ओम प्रकाश राजभर के साथ ही यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी। माना जा रहा है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में यह पार्टी एनडीए में शामिल होकर बुंदेलखंड क्षेत्र की कुछ सीटों पर चुनाव भी लड़ सकती है।
इसी पार्टी ने 2 नवंबर को बांदा में जन अधिकार रैली आयोजित की थी। बता दें कि यह पार्टी मुख्य तौर पर कुम्हार यानी प्रजापति जाति के लोगों के मुद्दों को लेकर संघर्ष करती है। माना जाता है कि यूपी में प्रजापति मतदाताओं की संख्या लगभग 6 प्रतिशत है। ऐसे में विधानसभा चुनाव में यह पार्टी भी अहम साबित हो सकती है।
